• Sat. Jul 11th, 2026

BKT News24

Hindi news, हिंदी न्यूज़ , Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, Breaking News in Hindi, ताजा ख़बरें, BKT News24

डिप्टी सीएम श्री केशव प्रसाद मौर्य करेंगे स्वयं सहायता समूह की महिलाओं के साथ वृक्षारोपण और संवाद

ByBKT News24

Jul 11, 2026

डिप्टी सीएम श्री केशव प्रसाद मौर्य करेंगे स्वयं सहायता समूह की महिलाओं के साथ वृक्षारोपण और संवाद

** जिलाधिकारी ने 12 जुलाई 2026 को जनपद में वृहद् वृक्षारोपण अभियान-2026 की सफलता हेतु किया वृक्षारोपण स्थल का निरीक्षण

** महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज में दिनांक 12 जुलाई 2026 को होगा पौधों का रोपण, तैयारियां पूर्ण :- डीएम

** जिलाधिकारी ने नवगृह वाटिका एवं वन विभाग द्वारा तैयार की गई नर्सरी का किया स्थलीय निरीक्षण

** जनभागीदारी से सफल होगा बृहद वृक्षारोपण अभियान:- जिलाधिकारी

जिलाधिकारी श्री गौरांग राठी ने जनपद में 12 जुलाई 2026 को वृहद् वृक्षारोपण कार्यक्रम सफल बनाने के दृष्टिगत मुख्य कार्यक्रम स्थल महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज प्रांगण में वृक्षारोपण की तैयारियों का जायजा लिया।
जिलाधिकारी श्री गौरांग राठी ने 12 जुलाई 2026 को प्रदेश के उपमुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य के कर कमलों से “एक पेड़ माँ के नाम” वृहद् वृक्षारोपण अभियान का शुभारंभ स्वयं सहायता समूह की महिलाओं के संग करेंगे। वृक्षारोपण के पश्चात् डिप्टी सीएम मेडिकल कॉलेज के गांधी ऑडिटोरियम में समूह की महिलाओं के साथ करेंगे संवाद और योजना अंतर्गत चेक का वितरण करेंगे। उन्होंने प्रभागीय वनाधिकारी श्री विकास यादव के साथ कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण करते हुए जल्द से जल्द तैयारियों को अंतिम रूप देने के निर्देश दिए।
वृक्षारोपण स्थल का निरीक्षण करते हुए जिलाधिकारी ने प्रभागीय वनाधिकारी से जनपद हेतु निर्धारित लक्ष्य 01 करोड़ 02 लाख से अधिक पौधों को रोपित किये जाने के सापेक्ष विभिन्न विभागों द्वारा पौधों के उठान एवं अन्य तैयारियों के बारे में जानकारी लेते हुये विभागीय अधिकारियों से आज तक किये गये पौधों के उठान के बारे में विभागवार जानकारी ली तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिये। उन्होंने समस्त अधिकारियों को निर्देशित करते हुये कहा कि 12 जुलाई 2026 को वन विभाग सहित सभी विभागों द्वारा एक ही दिन में वृक्षारोपण करते हुए शत-प्रतिशत लक्ष्य को पूर्ण किया जाना है। इसमें किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जिलाधिकारी ने शासन की मंशा के अनुरुप वृक्षापोपण का महत्व एवं स्वस्थ जीवन शैली में वृक्षों की उपयोगिता बताते हुये उपस्थित अधिकारियों को पूरे उत्साह एवं सामाजिक सहभागिता के साथ शत-प्रतिशत वृक्षारोपण कराते हुये लक्ष्य पूर्ण करने हेतु प्रेरित भी किया। उन्होंने सभी विभागध्यक्षों को लक्ष्य के अनुरूप शत-प्रतिशत वृक्षारोपण का कार्य दिनांक 12 जुलाई 2025 को करते हुए उसकी जियो टैगिंग करने के निर्देश दिया। उन्होंने वृक्षारोपण अभियान को सफल बनाने के साथ-साथ सामाजिक वानिकी के प्रोत्साहन हेतु नगर पालिका क्षेत्रों, नई सड़कों के निर्माणोपरान्त किनारों पर वृक्षारोपण, मनरेगा द्वारा कराये जा रहे कार्यों, अमृतसरोवर,तालाबों, गोशालाओं आदि के आस-पास के वातावरण को हरा-भरा एवं सौन्दर्यीकृत करने हेतु पूरे वर्ष वृक्षारोपण कराते रहने के निर्देश सम्बन्धित अधिकारियों को दिये।
मुख्य कार्यक्रम स्थल के निरीक्षण के दौरान प्रभागीय वनाधिकारी श्री विकास यादव द्वारा बताया गया कि इस वर्ष 2026-27 में वृहद वृक्षारोपण अभियान- 2026 हेतु जनपद में कुल 10266400 पौधे रोपित किये जाने है, जिसमें 5024000 पौधो का रोपण वन विभाग द्वारा किया जाएगा। शेष सभी अन्य विभागों विभागों जैसे ग्राम विकास, राजस्व, पंचायती, आवास विकास, औद्योगिक विकास, नगर विकास, लोक निर्माण विभाग, कृषि, पशुपालन, सहकारिता, उद्योग, विद्युत, माध्यमिक शिक्षा, प्राविधिक शिक्षा, श्रम परिवहन, उद्यान सहित अन्य विभागों को पौधो का रोपण अभियान चला कर किया जाना है।
प्रभागीय वनाधिकारी ने बताया कि 05 जून 2026 से अब तक जनपद में 1073000 पौधों का रोपण कर दिया गया है। इसमें वन विभाग द्वारा 174000 पौध भी शामिल है। उन्होंने बताया कि अभी जनपद में वन विभाग की पौधशालाओं में 9839973 पौध उपलब्ध है।
जिलाधिकारी श्री गौरांग राठी ने वृक्षारोपण स्थल का निरीक्षण करते हुए कहा कि वृक्षारोपण कार्यक्रम के संबंध में मा0 जनप्रतिनिधिगणों को इसकी सूचना के साथ आमंत्रित किया जाए। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण कार्यक्रम में जन सहभागिता को प्राथमिकता दी जाए तथा *‘‘एक पेड़ मॉ के नाम-3.0’’* थीम पर रोपित किये जाने वाले पौधों को अभियान के रूप में चलाने हेतु जनपद के युवा वर्गो का विशेष तौर पर सहयोग लिया जाए।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी श्री रामेश्वर सुधाकर सब्बनवाड, प्रधानाचार्य मेडिकल कॉलेज डॉ0 सुधीर कुमार,प्रभागीय वनाधिकारी श्री विकास यादव सहित डीसी मनरेगा श्रीशखर कुमार श्रीवास्तव, डीसी एनआरएलएम श्री सुनील कुमार, एडीएफओ श्री संतोष कुमार सहित संबंधित अधिकारी आदि उपस्थित रहे।
________________________

जिला सूचना कार्यालय द्वारा प्रसारित