*थाना बबीना में “शक्ति का पंच प्रभाव” कार्यक्रम का आयोजन*
झांसी (बबीना): आज दिनांक 20 सितंबर 2025 को थाना बबीना में महिलाओं की सुरक्षा और सशक्तिकरण को लेकर विशेष कार्यक्रम “शक्ति का पंच प्रभाव” आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम मिशन शक्ति 5 के अंतर्गत आयोजित किया गया, जिसका मुख्य उद्देश्य महिलाओं को सशक्त बनाना और उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना है।
प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस कार्यक्रम का औपचारिक शुभारंभ किया। इसी अवसर पर उन्होंने प्रदेश के सभी थानों में नव स्थापित “महिला शक्ति केंद्र” का उद्घाटन किया। मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में महिलाओं की सुरक्षा और उनके सशक्तिकरण पर जोर दिया और कहा कि महिलाएं समाज की सबसे बड़ी शक्ति हैं, जिन्हें हर स्तर पर सम्मान और सुरक्षा मिलनी चाहिए।
थाना बबीना में महिला शक्ति केंद्र का उद्घाटन थाने के महिला पुलिस बल और प्रभारी निरीक्षक तुलसीराम पाण्डेय द्वारा किया गया। इस केंद्र में महिलाओं को 24×7 सहायता, कानूनी मार्गदर्शन, मानसिक समर्थन और तुरंत सुरक्षा प्रदान करने की सुविधा उपलब्ध रहेगी। केंद्र का उद्देश्य महिलाओं के लिए एक सुरक्षित और भरोसेमंद स्थान तैयार करना है।
“महिला शक्ति केंद्र” अब थाना बबीना में उपलब्ध सभी आवश्यक संसाधनों के साथ महिलाओं की सुरक्षा, सहायता और सशक्तिकरण हेतु तत्पर रहेगा। इस पहल से महिलाओं को तत्काल सुरक्षा और कानूनी मार्गदर्शन मिलेगा, जिससे उन्हें समाज में सम्मान और समान अधिकार सुनिश्चित होंगे।