बबीना छावनी परिषद का नवनियुक्त मुख्य अधिशाषी अधिकारी अभिषेक बिन्द ने संभाला कार्यभार*
झाँसी (बबीना)। बबीना छावनी परिषद को नया मुख्य अधिशाषी अधिकारी (CEO) मिल गया है। भारतीय रक्षा संपदा सेवा (IDES) के अधिकारी अभिषेक बिन्द ने छावनी परिषद में अपना कार्यभार संभाल लिया। अभिषेक बिन्द का चयन संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) सिविल सेवा परीक्षा 2022 में हुआ था और वे आईडीईएस कैडर 2022 बैच के अधिकारी हैं। कार्यभार ग्रहण करने से पहले वे कानपुर छावनी परिषद में संयुक्त मुख्य कार्यपालक अधिकारी (Joint CEO) के पद पर कार्यरत थे।
सीईओ अभिषेक बिन्द का शैक्षणिक और पेशेवर सफर बेहद प्रेरणादायी रहा है। उन्होंने आईआईटी (बीएचयू), वाराणसी से स्नातक की डिग्री प्राप्त की और इसके बाद विश्व की अग्रणी तकनीकी कंपनी माइक्रोसॉफ्ट में सॉफ्टवेयर इंजीनियर के रूप में कार्य किया। कुछ वर्षों तक कॉरपोरेट क्षेत्र में कार्य अनुभव प्राप्त करने के बाद उन्होंने सिविल सेवा परीक्षा में सफलता पाई और भारतीय रक्षा संपदा सेवा में शामिल हुए।
कार्यभार संभालने के बाद सीईओ अभिषेक बिन्द ने कहा कि बबीना छावनी परिषद के विकास के लिए जो भी संभव होगा, किया जाएगा। शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए विशेष कार्य किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि बबीना बड़े तालाब की सफाई और सौंदर्यीकरण उनकी प्राथमिकता होगी, ताकि आने वाली पीढ़ियाँ भी इसकी सुंदरता का आनंद ले सकें। आम जनता की समस्याओं को सुनने और उनके समाधान के लिए नियमित जनता दरबार आयोजित किए जाएंगे और बबीना की देवतुल्य जनता से सीधा संवाद स्थापित किया जाएगा।
सीईओ ने स्पष्ट किया कि छावनी परिषद के सभी कार्य पारदर्शिता और त्वरित गति से पूरे होंगे तथा कोई भी आम नागरिक उपेक्षित नहीं रहेगा। उन्होंने कहा कि साफ-सफाई, पेयजल, सड़क, स्वास्थ्य सुविधाएँ और स्वच्छ पर्यावरण उनकी सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल रहेंगी। इसके साथ ही युवाओं के लिए रोजगारोन्मुख प्रशिक्षण और खेलकूद गतिविधियों को बढ़ावा देने की दिशा में कदम उठाए जाएंगे।
नए सीईओ से क्षेत्रवासियों को उम्मीद है कि उनके नेतृत्व में छावनी परिषद की कार्यप्रणाली और अधिक पारदर्शी व जवाबदेह होगी। नागरिकों का कहना है कि बुनियादी सुविधाओं जैसे स्वच्छ पेयजल, सीवरेज, सड़क, स्ट्रीट लाइट, पार्क और स्वास्थ्य सेवाओं को नई दिशा मिलेगी। इसके अलावा हरित छावनी के सपने को साकार करने के लिए वृक्षारोपण अभियान और पर्यावरण संरक्षण पर भी विशेष ध्यान दिए जाने की संभावना है। जनप्रतिनिधियों और स्थानीय नागरिकों का मानना है कि एक ऊर्जावान युवा अधिकारी के आने से बबीना छावनी परिषद के विकास की गति तेज होगी और आम जनता को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा।