बैठक में अधिशासी अभियंता यूपीसीएलडीएफ को अनुपस्थित रहने पर लगाई फटकार,आगामी बैठक में स्वयं दें प्रगति की जानकारी

** यूपीपीसीएल द्वारा मेडिकल कालेज में टाइप-1 आवासों के जीर्णोद्धार के कार्यों का होगा सत्यापन
** समस्त नोडल अधिकारी योजनाओं का निरीक्षण कर आख्या माह के प्रथम सप्ताह में डीएसटीओ कार्यालय को देना सुनिश्चित करें
** ऐसी निर्माणाधीन परियोजनाएं जो शत प्रतिशत पूर्ण हो गई हैं,उन्हें निर्धारित शासनादेश के अनुसार हस्तांतरित कराना सुनिश्चित करें
** आरईडी द्वारा बुन्देलखण्ड विकास निधि राज्यांश के 19 कार्यों के सापेक्ष 04 कार्य पूर्ण, 15 प्रगति पर जिलाधिकारी ने किया संतोष व्यक्त
** अनुबन्ध के अनुसार कार्य पूर्ण होने की तिथि तक कार्यदायी संस्थाओं को तेजी के साथ कार्य पूर्ण करने के दिए निर्देश
जिलाधिकारी श्री मृदुल चौधरी ने कलेक्ट्रेट स्थित नवीन सभागार में ₹50 लाख एवं उससे अधिक लागत की निर्माणाधीन परियोजनाओं का सत्यापन एवं प्रगति की समीक्षा करते हुए यूपीसीएलडीएफ के अधिशाषी अभियंता की अनुपस्थिति पर की नाराजगी व्यक्त।
जिलाधिकारी श्री मृदुल चौधरी ने जनपद में विभिन्न संस्थाओं द्वारा निर्माणाधीन परियोजनाएं जिनकी लागत 50 लाख एवं उससे अधिक है उनकी प्रगति और सत्यापन रिपोर्ट संबंधित नोडल अधिकारियों से लेते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों का सत्यापन कर माह के प्रथम सप्ताह में आख्या डीएसटीओ कार्यालय को उपलब्ध कराएं ताकि समीक्षा में और पारदर्शिता लाई जा सके। उन्होंने कहा कि अनुबंध के अनुसार कार्य पूर्ण होने की तिथि तक समस्त कार्यदायी संस्थाएँ तेजी के साथ निर्माणाधीन कार्य पूर्ण करें ताकि उन्हें हैंडओवर करते हुए उसका लाभ आम जनमानस को मिल सके। उन्होंने नोडल अधिकारियों द्वारा सत्यापन रिपोर्ट में विभिन्न एजेंसियों द्वारा कार्य बंद होने की जानकारी पर नाराजगी व्यक्त करते हुए नोटिस दिए जाने के निर्देश दिए।
बैठक की शुरुआत वित्तीय वर्ष 2025-26 में 50 लाख से अधिक लागत की सड़क परियोजनाओं की प्रगति और सत्यापन आख्या के साथ प्रारंभ हुई, जिलाधिकारी श्री मृदुल चौधरी ने विभिन्न कार्यदायी संस्थाओं द्वारा बनाई जा रही 24 सड़क परियोजनाओं की बिंदुवार समीक्षा करते हुए अनुबंध के अनुसार कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रांतीय खंड द्वारा निर्माणाधीन झांसी से गंगावली संपर्क मार्ग, पाल कॉलोनी ग्वालियर रोड के पास सर्विस रोड से लहर गांव की ओर सड़क निर्माण, ब्लाक बड़ा गांव में जौरी बुजुर्ग से लेवा सम्पर्क मार्ग का नवनिर्माण एंव ग्रामीण अभियंत्रण विभाग द्वारा बुंदेलखंड विकास निधि राज्यांश के माध्यम से बनाई जा रही 10 सड़कों के निर्माण की भी बिंदुबार समीक्षा की और कार्य को गति के साथ पूर्ण करने के निर्देश दिए।
बैठक में 50 लाख से अधिक लागत की परियोजनाएं (सड़कों को छोड़कर) की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी श्री मृदुल चौधरी ने यू0पी0 प्रोजेक्ट कारपोरेशन लिमिटेड द्वारा कार्य की प्रगति संतोषजनक न होने पर नाराजगी व्यक्त की, उन्होंने राजकीय मेडिकल कालेज जनपद झांसी में टाईप-01, टाईप-03 आवासों में जीर्णोद्धार कार्य हेतु टाईप-01 (72-नग) में दो 16 आवासों का जीर्णोद्धार कार्य का सत्यापन कराए जाने के निर्देश दिए। जीर्णोद्धार के कार्यों की समीक्षा के दौरान टाईप-03 (18 नग) में 08 नग आवासों में से 04 नग का जीर्णोद्धार कार्य पूर्ण कर दिया गया, जिसे कार्यदायी संस्था द्वारा हैंडओवर हो गए हैं। कार्य की धीमी प्रगति पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि किए जा रहे जीर्णोद्धार कार्य को गुणवत्ता के साथ जल्द से जल्द पूर्ण करते हुए हैंडओवर किए जाने के निर्देश दिए।
निर्माण कार्यों की समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी ने जनपद झांसी में वीरांगना झलकारी बाई राजकीय महिला पॉलिटेक्निक जिसकी लागत लगभग 14 करोड़ से अधिक है की समीक्षा करते हुए हो रहे कार्य की जानकारी ली। अधिशासी अभियन्ता निर्माण खण्ड भवन श्री दीपांकर चौधरी ने बताया कि प्राविधिक शिक्षा विभाग से संबंधित निर्माण कार्य में ग्राउंड फ्लोर की स्लैब का कार्य एवं 1st फ्लोर की स्लैब का कार्य पूर्ण कर लिया गया है। ग्राउंड फ्लोर एवं 1st फ्लोर की चिनाई,प्लास्टर का कार्य एवं आंतरिक दीवारों की पुट्टी का कार्य भी पूर्ण कर लिया गया है। धनराशि प्राप्त न होने पर की प्रगति धीमी है परंतु जल्द ही धनराशि प्राप्त होते ही कार्य शत प्रतिशत पूर्ण कर लिया जाएगा।
₹50 लाख एवं उससे अधिक लागत की परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने कार्यदायी संस्था यूपी सिडको द्वारा 14 हाईस्कूल, 03 इंटरमीडिएट कॉलेज के निर्माण कार्य की जानकारी ली, बताया कि 11 हाईस्कूल एवं 03 इंटरमीडिएट कॉलेजों का कार्य प्रारंभ हो गया है। कार्यों की समीक्षा करते हुए उन्होंने उच्च प्राथमिक विद्यालय ऐवनी, घाटकोटरा,ढकरवारा, मवईगिर्द एवं उच्च प्राथमिक विद्यालय पड़रा के कार्यों की समीक्षा करते हुए धीमी प्रगति पर नाराजगी व्यक्त की और निर्धारित समय में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी श्री मृदुल चौधरी ने निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए उत्तर प्रदेश राज्य निर्माण एवं श्रम विकास सहकारी संघ लिमिटेड द्वारा बनाए जा रहे शिक्षा विभाग के डायट में चारदीवारी, लैब एवं स्टाफ रूम की मरम्मत का कार्य तथा डायट में गर्ल्स हॉस्टल का निर्माण की जानकारी ली। बैठक में उपस्थित अवर अभियंता श्री नंदकिशोर सिंह ने कार्य की जानकारी दी, बैठक में अधिशासी अभियंता श्री अनिल राय की अनुपस्थिति पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त करते हुए आगामी बैठक में उपस्थित होकर निर्माण कार्य की जानकारी दिए जाने के निर्देश दिए।
बैठक में अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग प्रांतीय खण्ड श्री रजनीश गुप्ता ने ₹लाख 50 से अधिक विभिन्न सड़कों के निर्माण कार्य की जानकारी उपलब्ध कराई, उन्होंने मऊ-गरौठा मार्ग के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण कार्य,रक्सा टूंका बैदौरा मार्ग के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण कार्य, पाल कॉलोनी ग्वालियर रोड के पास सर्विस रोड से लहरगांव की ओर सड़क निर्माण कार्य,जनपद झाँसी में बबीना टूंका मार्ग में लघु सेतु का निर्माण, एरच ककरवई मार्ग के किलोमीटर 23 में रपटा बॉक्स काल्वर्ट के निर्माण कार्य की विस्तृत जानकारी दी।
बैठक में अधिशासी अभियंता ग्रामीण अभियंत्रण विभाग श्री रजनीश कुमार ने ग्रामीण अभियंत्रण विभाग झाँसी द्वारा बुन्देलखण्ड विकास निधि राज्याॅश की 10 सड़कों सहित 05 भवन निर्माण की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 19 कार्यों के सापेक्ष 04 कार्य पूर्ण हो गए हैं,शेष कार्य प्रगति से चल रहे हैं जो निर्धारित समय में पूर्ण कर लिए जाएगें।
बैठक में इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी श्री जुनैद अहमद, प्रभागीय वनाधिकारी श्री नीरज कुमार आर्य, अधिशासी अभियंता भवन विंग श्री दीपंकर चौधरी, डीडीओ श्री सुनील कुमार, अधिशासी अभियंता आरईएस श्री रजनीश कुमार, डीएसटीओ डॉ0 अर्चना सिंह,एई श्री संदीप शर्मा सहित पर्यटन विभाग, पशुपालन विभाग, कृषि विभाग के जिला स्तरीय अधिकारी एवं कार्यदायी संस्थाओं के अधिकारी मौजूद रहे।
——————————————–
जिला सूचना कार्यालय द्वारा प्रसारित
