जिलाधिकारी ने किया कलेक्ट्रेट में विभिन्न पटलों का औचक निरीक्षण, देखी व्यवस्थाएं
** जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण कक्ष का किया निरीक्षण, फाइलों को सुव्यवस्थित करने के दिए निर्देश
** वेतन वृद्धि पत्रावली एवं सेवा पुस्तिका को पूर्ण करने के दिए निर्देश
जिलाधिकारी श्री मृदुल चौधरी ने सोमवार को कलेक्ट्रेट परिसर स्थित विभिन्न पटल एवं कार्यालय का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने संयुक्त कार्यालय का गहन अवलोकन कर वहां संचालित कार्यों की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने राजस्व सहायक श्री राम साहू से कर्मचारियों एवं अधिकारियों के सेवा पुस्तिका एवं वेतनवृद्धि की जानकारी ली और समस्त पत्रावलियों को सुव्यवस्थित कर पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने अलमारियों में रखी पत्रावलियों के रख रखाव को भी देखा।
जिलाधिकारी ने कार्यालयों में अभिलेखों के समुचित रख-रखाव, साफ-सफाई की व्यवस्था तथा लंबित पत्रावलियों के निस्तारण की प्रगति के संबंध में संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों से जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कार्यालय में उपलब्ध गार्ड फाइलों का अवलोकन करते हुए उन्होंने अभिलेखों के अद्यतन एवं सुरक्षित रख-रखाव पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि भूमि से संबंधित अभिलेख अत्यंत महत्वपूर्ण होते हैं और इनके रख-रखाव में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी। उन्होंने संग्रह अनुभाग कार्यालय के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने आरसी पोर्टल का अवलोकन किया तथा राजस्व वसूली से संबंधित मामलों की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने निर्देशित किया कि आरसी से संबंधित मामलों का समयबद्ध एवं पारदर्शी निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
संयुक्त कार्यालय के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने विभिन्न पटलों से संबंधित महत्वपूर्ण पत्रावलियों की जांच की और लंबित प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि शासन की मंशा के अनुरूप कार्यालयीन कार्यों में पारदर्शिता, त्वरित कार्यवाही एवं उत्तरदायित्व सुनिश्चित किया जाना आवश्यक है।
इसके पश्चात जिलाधिकारी ने निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कार्यालयों में साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था बनाए रखी जाए तथा अभिलेखों को नियमानुसार एवं व्यवस्थित ढंग से रखा जाए, जिससे आवश्यकता पड़ने पर वे सहजता से उपलब्ध हो सकें।
निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी (प्रशासन)श्री शिव प्रताप शुक्ल, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) श्री वरुण कुमार पांडेय,नगर मजिस्ट्रेट प्रमोद झाॅ, श्री राकेश खरे, श्रीराम किशोर सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं पटल सहायक उपस्थित रहे।
—————-‐———————–
जिला सूचना कार्यालय द्वारा प्रसारित
