जिलाधिकारी द्वारा की जा रही जनसुनवाई को मुख्यमंत्री कार्यालय ने देखा
** किसान हमारे अन्नदाता उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान ही प्रशासन की प्राथमिकता:- जिलाधिकारी
** जन सुनवाई में जिलाधिकारी सख्त, मौके पर चना,मसूर एंव लाही के क्रय केंद्रों का निरीक्षण करने के दिए निर्देश
** किसानों से की अपील जल्द से जल्द फार्मर रजिस्ट्री करवाना सुनिश्चित करें
जिलाधिकारी श्री गौरांग राठी ने आज कलेक्ट्रेट कक्ष में जन सुनवाई के दौरान आमजन की समस्याओं को गंभीरता से सुना। विभिन्न विभागों से संबंधित भूमि विवाद, राजस्व प्रकरण, पुलिस, विकास एवं अन्य शिकायतों पर तत्परता दिखाते हुए संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई कर निस्तारण करने के दिए निर्देश ।
आज जनसुनवाई के दौरान किसानों की समस्याएं सुनते हुए अधिकारियों से कहा कि किसान हमारे अन्नदाता हैं। उन्हें खेती, किसानी के लिए बेहतर वादा, वातावरण उपलब्ध कराना और उनकी समस्याओं को संवेदनशील होकर तत्काल निस्तारण किया जाना हम सभी का दायित्व है, उन्होंने विभिन्न विभागों को आपसी सामंजस्य बनाते हुए किसानों को अधिक से अधिक शासन की योजनाओं की जानकारी देते हुए खेती को कैसे लाभदायक बनाया जाए। उनके उत्पादन को कैसे बढ़ाया जाए, उन्हें कैसे उनकी उपज का बेहतर दाम दिलाया जा सके, इस पर फोकस किए जाने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने किसानों से संवाद करते हुए उन्हें सुझाव दिया कि सभी किसान जल्द से जल्द फार्मर रजिस्ट्री कराना सुनिश्चित करें। उन्होंने बताया कि फार्मर रजिस्ट्री शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। गांव-गांव लगातार कैंप आयोजित करते हुए सभी किसानों की फार्मर रजिस्ट्री कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि सभी किसान जल्द से जल्द अपनी फार्मर रजिस्ट्री करा लें, ताकि भारत सरकार और प्रदेश सरकार द्वारा संचालित योजनाओं का लाभ प्राप्त हो सके।
आज जनसुनवाई के दौरान किसान नेता श्री कमलेश लंबरदार ने अपने साथियों सहित जिलाधिकारी को जनपद में चना, मसूर और लाही के क्रय केंद्रों की जानकारी देते हुए बताया कि केंद्रों पर अव्यवस्थाओं के कारण किसानों से फसल खरीद नहीं हो पा रही है, केंद्र प्रभारी द्वारा फसल खरीद पर आनाकानी की जा रही। इसके अतिरिक्त उन्होंने ग्रामीण क्षेत्र में बैंकों में दलालों की दबदबे के कारण किसानों का किसान क्रेडिट कार्ड नहीं बन रहे, बैंक दलालों के माध्यम से ही किसान क्रेडिट कार्ड बनाए जा रहे हैं, जिसे जल्द से जल्द रोका जाना चाहिए। किसान नेता ने बताया कि श्रीमती श्याम कुमारी पत्नी माता दीन ग्राम अक्सेव अभी जिंदा हैं लेकिन उसे मृत घोषित कर दिया गया जिससे उनकी पेंशन रुक गई है। इस पर भी कार्रवाई की जाए।
जिलाधिकारी श्री गौरांग राठी ने तत्काल सभी शिकायतों को संबंधित अधिकारियों को प्रेषित करते हुए जल्द से जल्द निस्तारण किए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने चेतावनी दी कि लापरवाही अथवा शिकायतों के निस्तारण में शिथिलता पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
जनता दर्शन में आए फरियादियों ने जिलाधिकारी की सक्रियता की सराहना करते हुए निष्पक्ष सुनवाई पर संतोष व्यक्त किया।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी प्रशासन श्री शिव प्रताप शुक्ल, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व श्री वरुण कुमार पाण्डेय,अपर जिलाधिकारी न्याय श्री अरुण कुमार गौड़, नगर मजिस्ट्रेट श्री प्रमोद झा, एआरटीओ श्री हेमचंद गौतम एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
————————————-
जिला सूचना कार्यालय द्वारा प्रसारित

