जिलाधिकारी ने किया कलेक्ट्रेट में विभिन्न पटलों का औचक निरीक्षण, व्यवस्थाएं देख दिए सुधारने के निर्देश
** न्याय अभिलेखागार में अनुपस्थित पाए जाने पर न्याय अभिलेखापाल को दी चेतावनी, किया शो-काॅज़ नोटिस जारी
** न्यायालय बंदोबस्त अधिकारी चकबंदी के निरीक्षण पर बंदोबस्त अधिकारी एवं वरिष्ठ लिपिक मिले गायब, किया शो-काॅज नोटिस जारी
** जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण कक्ष का किया निरीक्षण, फाइलों को सुव्यवस्थित करने के दिए निर्देश
** संयुक्त कार्यालय हॉल में निरीक्षण करते हुए कर्मचारियों के पास पहचान पत्र एवं नेम प्लेट लगवाने के दिए निर्देश
जिलाधिकारी श्री गौरांग राठी ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट परिसर स्थित विभिन्न पटल एवं कार्यालय का औचक निरीक्षण किया।
भ्रमण के दौरान सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक पटल पर कर्मचारियों द्वारा पांच रजिस्टर यथा डाक रजिस्टर, पत्रावलियों का रजिस्टर, अलमारियों का रजिस्टर, संदर्भ रजिस्टर एवं मास्टर रजिस्टर तैयार कर कार्यवाही की जाये। सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि वह शासन द्वारा दिये गये दिशा-निर्देशों का पूर्णता एंव गम्भीरता से अनुपालन सुनिश्चित करें और कार्यालय में आने वाले सभी लोगों के साथ विनम्रता का भाव रखें। साथ ही कार्यालय में समय पर पहुंच कर अपने कर्तव्यों का पूर्ण स्वच्छता, निष्पक्षता एवं पारदर्शिता के साथ पालन करें।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने संयुक्त कार्यालय का गहन अवलोकन कर वहां संचालित कार्यों की स्थिति की समीक्षा करते हुए हाल में पर्याप्त विद्युत व्यवस्था को ठीक किए जाने, पटल पर कूलर की तत्काल व्यवस्था एवं पंखों जमी धूल को तत्काल साफ कराए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने राजस्व सहायक श्री राम साहू से कर्मचारियों एवं अधिकारियों के सेवा पुस्तिका एवं वेतनवृद्धि की जानकारी ली और समस्त पत्रावलियों को सुव्यवस्थित कर पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने अलमारियों में रखी पत्रावलियों के रख रखाव को भी देखा।
अपने औचक निरीक्षण पर जिलाधिकारी ने न्याय अभिलेखागार में श्री हरीशंकर कुशवाहा न्याय अभिलेखापाल को अनुपस्थित पाए जाने पर सुकॉस नोटिस जारी किया। भ्रमण के दौरान न्यायालय नगर मजिस्ट्रेट कक्ष में बिजली के तारों को अव्यवस्थित पाए जाने पर उन्हें तत्काल ठीक कराए जाने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त, उन्होंने न्यायालय में सीएफएल/एलईडी लगाए जाने पर वरीयता दिए जाने के साथ ही दीवालों पर काफी धूल जमी है। इसे तत्काल साफ कराते हुए कक्ष को व्यवस्थित किए जाने के निर्देश दिए।
निरीक्षण में न्याय बंदोबस्त अधिकारी चकबंदी अनुभाग का निरीक्षण करते हुए बंदोबस्त अधिकारी श्री प्रेम प्रकाश भारती एवं वरिष्ठ लिपिक श्री मतेन्द्र कुमार अनुपस्थित पाए गए। कनिष्ठ लिपिक श्री धीरज कुमार बांगर के पास अलमारियों की चाबी न होने पर पत्रावलियों का निरीक्षण नहीं किया जा सका। यह वरिष्ठ लिपिक की अनुशासनहीनता को प्रदर्शित करता है, इस कृत्य पर श्री मतेंद्र कुमार को सचेत करते हुए शो-कॉज़ नोटिस जारी किया।
जिलाधिकारी ने कार्यालयों में अभिलेखों के समुचित रख-रखाव, साफ-सफाई की व्यवस्था तथा लंबित पत्रावलियों के निस्तारण की प्रगति के संबंध में संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों से जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कार्यालय में उपलब्ध गार्ड फाइलों का अवलोकन करते हुए उन्होंने अभिलेखों के अद्यतन एवं सुरक्षित रख-रखाव पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि भूमि से संबंधित अभिलेख अत्यंत महत्वपूर्ण होते हैं और इनके रख-रखाव में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी। उन्होंने संग्रह अनुभाग कार्यालय के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने आरसी पोर्टल का अवलोकन किया तथा राजस्व वसूली से संबंधित मामलों की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने निर्देशित किया कि आरसी से संबंधित मामलों का समयबद्ध एवं पारदर्शी निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
इसके पश्चात जिलाधिकारी ने निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कार्यालयों में साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था बनाए रखी जाए तथा अभिलेखों को नियमानुसार एवं व्यवस्थित ढंग से रखा जाए, जिससे आवश्यकता पड़ने पर वे सहजता से उपलब्ध हो सकें।
निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी (प्रशासन)श्री शिव प्रताप शुक्ल, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) श्री वरुण कुमार पांडेय,नगर मजिस्ट्रेट प्रमोद झाॅ, नाजिर सदर श्री प्रमोद कुमार,श्री राकेश खरे, ईडीएम श्री आकाश रंजन सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं पटल सहायक उपस्थित रहे।
—————-‐———————–
जिला सूचना कार्यालय द्वारा प्रसारित

