• Wed. Jun 10th, 2026

BKT News24

Hindi news, हिंदी न्यूज़ , Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, Breaking News in Hindi, ताजा ख़बरें, BKT News24

भीषण लू को लेकर प्रशासन अलर्ट, जनपद में रेड-अलर्ट जारी, बचाव हेतु दिशा-निर्देश जारी*

ByBKT News24

May 19, 2026

भीषण लू को लेकर प्रशासन अलर्ट, जनपद में रेड-अलर्ट जारी, बचाव हेतु दिशा-निर्देश जारी*
—————
झांसी : मौसम विभाग द्वारा आगामी 24 घंटों में जनपद में भीषण लू चलने की चेतावनी जारी किए जाने के दृष्टिगत जिला प्रशासन ने रेड-अलर्ट घोषित करते हुए आमजन से सतर्कता बरतने की अपील की है। लू से बचाव के लिए शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने को कहा गया है।
प्रभारी अधिकारी (दै0आ0)/अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व ने नागरिकों को पर्याप्त मात्रा में पानी एवं तरल पदार्थ जैसे छाछ, नींबू पानी, आम पना आदि का सेवन करने, हल्के रंग के सूती एवं ढीले कपड़े पहनने तथा सिर को ढंककर रखने की सलाह दी है। लू से प्रभावित व्यक्तियों को छाया में ले जाकर सूती गीले कपड़े से शरीर पोंछने अथवा स्नान कराने तथा चिकित्सक से तत्काल संपर्क करने को कहा गया है।
उन्होंने बताया कि कमजोरी, सिर दर्द, उल्टी, अत्यधिक पसीना, झटका अथवा चक्कर आने जैसे लक्षण दिखाई देने पर तुरंत चिकित्सकीय सहायता लें। बीमार एवं गर्भवती महिलाओं को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
प्रभारी अधिकारी (दै0आ0)/अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व द्वारा नागरिकों से विशेष रूप से दोपहर 12 बजे से 3 बजे के बीच तेज धूप में बाहर निकलने से बचने, यात्रा के दौरान पानी साथ रखने तथा निर्जलीकरण से बचाव के लिए ओआरएस का प्रयोग करने की अपील की गई है। स्थानीय मौसम पूर्वानुमान पर नजर रखने और तापमान में बदलाव के प्रति सतर्क रहने को भी कहा गया है।
इसके अतिरिक्त बच्चों एवं पालतू जानवरों को बंद वाहनों में अकेला न छोड़ने, घर में रहने का प्रयास करने, संतुलित एवं हल्का भोजन करने तथा बासी एवं अत्यधिक प्रोटीन युक्त खाद्य पदार्थों से बचने की सलाह दी गई है। पशुओं को छाया में बांधने और पर्याप्त पानी उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए हैं।
प्रभारी अधिकारी (दै0आ0)/अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व ने जनपदवासियों से अपील की है कि भीषण गर्मी और लू से बचाव के लिए जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें तथा आवश्यकता पड़ने पर तत्काल चिकित्सकीय सहायता प्राप्त करें।
——————
मण्डलीय जिला सूचना कार्यालय झांसी द्वारा प्रसारित।