• Thu. May 21st, 2026

BKT News24

Hindi news, हिंदी न्यूज़ , Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, Breaking News in Hindi, ताजा ख़बरें, BKT News24

संचालित मसूर क्रय केंद्र पर गड़बड़ी करने पर होगी कड़ी कार्रवाई, दर्ज होगी एफआईआर :-जिलाधिकारी

ByBKT News24

May 20, 2026

संचालित मसूर क्रय केंद्र पर गड़बड़ी करने पर होगी कड़ी कार्रवाई, दर्ज होगी एफआईआर :-जिलाधिकारी

** जनपद में उड़द/मूंग के क्रय केंद्र भी होंगे संचालित, टोकन के माध्यम से होगी खरीद :- जिलाधिकारी

** किसान बैठक में अब डीडी मंडी भी करेंगे प्रतिभाग,डीएम ने दिए आदेश

** किसान बिजली से संबंधित समस्याओं की सूचना 9452264299 पर दें, तत्काल होगा समाधान

** फार्मर रजिस्ट्री नहीं कराने वाले कृषक जल्द फार्मर रजिस्ट्री कराएं वर्ना नहीं मिलेगी खाद

** जनपद में अभी भी कृषकों ने नहीं कराई फार्मर रजिस्ट्री, फार्मर रजिस्ट्री नहीं कराने पर नहीं मिलेगा योजनाओं का लाभ

** आग लगने की आपातकालीन स्थिति में सहायता के लिए 101 या 112 (यूपी-112) करें डायल :- जिलाधिकारी

विकास भवन सभागार में किसान दिवस का आयोजन जिलाधिकारी श्री गौरांग राठी की अध्यक्षता में आयोजित हुआ।
उन्होंने किसान दिवस की अध्यक्षता करते हुए कहा कि किसान दिवस बेहद संवेदनशील एवं अति महत्वपूर्ण है। उन्होंने उपस्थित किसानों के मध्य कहा कि किसान इस अवसर पर अधिक से अधिक खेती किसानी में आ रहीं समस्याओं को उठाएं ताकि किसान दिवस की सार्थकता सिद्ध हो सके।
जिलाधिकारी श्री गौरांग राठी ने उपस्थित विभागीय अधिकारियों से कहा कि किसान दिवस में प्राप्त किसानों द्वारा दी गई शिकायतों को समय से संबंधित विभागों को सुपुर्द कर दिया जाए ताकि समस्याओं का समय से निस्तारण किया जा सके। उन्होंने खेती किसानी के लिए बेहतर वातावरण उपलब्ध कराना और समस्याओं को संवेदनशील होकर तत्काल निस्तारण किया जाना सभी की नैतिक जिम्मेदारी है। इसके अतिरिक्त उन्होंने सभी विभागों को आपसी सामंजस्य बनाते हुए किसानों को अधिक से अधिक विभिन्न विभागीय योजनाओं की जानकारी देते हुए खेती को कैसे लाभदायक बनाया जाय, उनके उत्पादन को कैसे बढ़ाया जाए, कैसे उन्हें उनकी उपज का बेहतर दाम दिलाया जा सके पर फोकस किए जाने के निर्देश दिए।
किसान दिवस की अध्यक्षता करते हुए जिलाधिकारी श्री गौरांग राठी ने उपस्थित किसान प्रतिनिधियों सहित किसानों को बताया कि जनपद में 25 मसूर क्रय केंद्र प्रस्तावित हैं, जिसमें 09 केंद्र संचालित हैं शेष 16 क्रय केंद्र जल्द ही संचालित होंगे। उन्होंने कहा कि यदि अधिकारियों द्वारा औचक निरीक्षण में केंद्र पर किसी भी तरह की गड़बड़ी पाई जाती है तो कड़ी कार्रवाई करते हुए संबंधित के विरुद्ध एफआईआर दर्ज की जाएगी। उन्होंने किसानों को बताया कि जनपद में उड़द और मूंग के भी क्रय केंद्र संचालित होंगे और टोकन के माध्यम से खरीद की जाएगी।
जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद में हजारों कृषक ऐसे हैं जिन्होंने अभी तक फार्मर रजिस्ट्री नहीं कराई है। उन्होंने कहा कि फार्मर रजिस्ट्री नहीं कराने वाले किसान प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि से वंचित तो होगें साथ ही उन्हें खाद एवं अन्य योजनाओं के लाभ भी वंचित रहना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि फार्मर रजिस्ट्री की जिम्मेदारी कृषि विभाग की है, इसलिए जल्द से जल्द जनपद के समस्त कृषकों की फार्मर रजिस्ट्री तैयार कराने के उद्देश्य से जनपद में संचालित समस्त गेहूं क्रय केंद्रों पर फार्मर रजिस्ट्री का विशेष कैंप लगाया जा रहा है,किसान मौके का फायदा उठाते हुए फार्मर रजिस्ट्री कराना सुनिश्चित करें। इसके अतिरिक्त उन्होंने विभिन्न विभागों को दायित्व निर्धारित किए। फ़ॉर्मर रजिस्ट्री के कार्य में जिला कार्यक्रम विभाग, मत्स्य विभाग, लघु सिंचाई विभाग, आपूर्ति विभाग सहित अन्य विभाग जो सीधे किसानों से जुड़े हुए हैं। सभी को प्रत्येक दशा में क्षेत्र में फार्मर रजिस्ट्री तैयार किए जाने के कार्य में सहयोग दिए जाने के निर्देश दिए ।
किसान दिवस की बैठक में किसान प्रतिनिधि श्री कमलेश लंबरदार ने बताया कि समस्त तहसीलों में अंश निर्धारण में गड़बड़ी हुई है, जिसे लेखपाल ही सुधार सकते हैं। जिलाधिकारी ने तत्काल 10 दिन में अभियान चलाते हुए अंश निर्धारण में सुधार किए जाने हेतु उपजिलाधिकारियों को निर्देशित किया।
इसी क्रम में किसानों द्वारा बताया गया कि की ग्राम खड़ैनी में रात में गेहूं तुलाई का कार्य हो रहा है, जबकि किसानों को बारदाना न होने पर वापस लौटा दिया गया। किसान ने बताया कि खरीफ में धान की फसल क्षतिग्रस्त हुई परंतु व्यक्तिगत शिकायत के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं की गई जबकि बहत्तर घंटे में फसल क्षति की जानकारी दे दी गई थी।जिलाधिकारी ने उक्त प्रकरण की जांच कराए जाने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर किसान नेता श्री महेंद्र शर्मा, किसान नेता श्री कमलेश लंबरदार,श्री राजेश कुमार बिरगुंआ, श्री सुनील रिछारिया, श्री सुरेंद्र पुरातिनी सहित अन्य किसानों ने भी अपनी समस्याओं को रखा और अधिकारियों से समय से उनका निस्तारण कराए जाने की मांग की।
आयोजित किसान दिवस का संचालन उप कृषि निदेशक श्री एमपी सिंह ने किया। बैठक में विषय वस्तु विशेषज्ञ श्री दीपक कुशवाहा, श्री धर्मेन्द्र प्रताप सिंह, श्री लल्ला सिंह, श्री अनिल कुमार, श्री राजकुमार यादव, जिला कृषि अधिकारी सहित लघु सिंचाई,उद्यान विभाग, पशुपालन विभाग, बीमा कंपनी व अन्य विभागीय अधिकारी तथा किसान गण उपस्थित रहें।
————————————-

जिला सूचना कार्यालय द्वारा प्रसारित