• Fri. Jul 17th, 2026

BKT News24

Hindi news, हिंदी न्यूज़ , Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, Breaking News in Hindi, ताजा ख़बरें, BKT News24

रक्सा की प्राचीन पुलन नदी पर अतिक्रमण का आरोप, डीएम ने गठित की जांच टीम

ByBKT News24

May 26, 2026

रक्सा की प्राचीन पुलन नदी पर अतिक्रमण का आरोप, डीएम ने गठित की जांच टीम

झांसी । झांसी के रक्सा क्षेत्र में स्थित प्राचीन पुलन नदी का अस्तित्व अतिक्रमण और अवैध कब्जों के कारण संकट में पड़ता नजर आ रहा है। नदी के स्वरूप को नुकसान पहुंचाने की शिकायत मिलने के बाद जिलाधिकारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए राजस्व विभाग की टीम गठित कर सात दिन के भीतर जांच रिपोर्ट मांगी है। नदी को बचाने के लिए ग्राम प्रधान और जल सहेली संगठन ने प्रशासन से हस्तक्षेप की मांग की थी।
जानकारी के अनुसार रक्सा ग्राम पंचायत के प्रधान राजेंद्र सिंह राजपूत ने करीब एक सप्ताह पूर्व जिलाधिकारी को शिकायत पत्र देकर आरोप लगाया था कि क्षेत्र में बहने वाली प्राचीन पुलन नदी पर भू-माफिया और दबंगों द्वारा अवैध कब्जे किए जा रहे हैं। आरोप है कि नदी के किनारों पर अतिक्रमण कर उसका आकार लगातार छोटा किया जा रहा है, जिससे नदी का प्राकृतिक स्वरूप प्रभावित हो रहा है।
वहीं जल सहेली संगठन ने भी जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर पुलन नदी पर बड़े पैमाने पर हो रहे अवैध कब्जों और अतिक्रमण की जानकारी दी थी। संगठन का कहना है कि यदि समय रहते अतिक्रमण नहीं हटाया गया तो नदी के संरक्षण और पुनर्जीवन की योजनाएं प्रभावित हो सकती हैं। ज्ञापन में अतिक्रमण हटाने के साथ दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की गई।

मामले को गंभीर मानते हुए जिलाधिकारी ने उप जिलाधिकारी को निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने नायब तहसीलदार के नेतृत्व में राजस्व निरीक्षक, कानूनगो, लेखपाल और चकबंदी लेखपाल की टीम गठित कर जांच कराने और नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
जिलाधिकारी ने पूरी जांच रिपोर्ट सात दिवस के भीतर प्रस्तुत करने को कहा है। प्रशासन की इस कार्रवाई से नदी संरक्षण को लेकर क्षेत्र के लोगों में उम्मीद जगी है।