किसानों और बाज़ार के बीच सेतु:- एनसीओएल
** एनसीओएल इंटर्न्स का ग्राम डिकौली और पलींदा का दौरा
** NCOL का उद्देश्य किसानों को बेहतर बाजार से जोड़ना
झांसी। नेशनल कोऑपरेटिव ऑर्गेनिक्स लिमिटेड (NCOL) में इंटर्नशिप कर रहे IRMA के छात्र हर्षवंश यादव एवं अखिल धाओले ने झांसी के निकटवर्ती गांवों डिकौली और पालींदा का दौरा कर किसानों से सीधा संवाद किया।
कृषि विभाग के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम के दौरान किसानों को प्रत्यक्ष खरीद (Direct Procurement) एवं जैविक खेती के लाभों के बारे में जानकारी दी गई। इंटर्न्स ने किसानों को बताया कि जैविक उत्पादों की बाजार में बढ़ती मांग के कारण उन्हें पारंपरिक उत्पादों की तुलना में बेहतर एवं प्रीमियम मूल्य प्राप्त हो सकता है। साथ ही, रासायनिक उर्वरकों एवं कीटनाशकों पर होने वाला खर्च कम होने से उत्पादन लागत घटती है, जिससे किसानों की शुद्ध आय में वृद्धि की संभावना बढ़ जाती है।
किसानों को यह भी समझाया गया कि संगठित किसान समूहों, सहकारी समितियों तथा प्रत्यक्ष विपणन व्यवस्था के माध्यम से वे अपने उत्पादों को बेहतर बाजारों तक पहुंचा सकते हैं।
इस अवसर पर किसानों ने अपनी समस्याओं और अनुभवों को साझा किया। कार्यक्रम का उद्देश्य किसानों को बेहतर बाजार अवसरों से जोड़ना, जैविक खेती को बढ़ावा देना तथा उनकी आय एवं जीवन स्तर में सकारात्मक सुधार लाना है।
कार्यक्रम में ग्राम के अनेकों किसानों ने सहभागिता की।
————————————–

