जनसंवाद से जनसमस्या का तत्काल हुआ निस्तारण
** मुक्तिधाम तक जाने वाली सड़क पर पानी फैलाने वालों को चिन्हित कर किया जाए पाबंद:- जिलाधिकारी
** पंचायत सचिव को दिए निर्देश उक्त कार्य की कार्ययोजना को 2026-27 में करें शामिल
** वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शिकायत का किया निस्तारण, मौके पर शिकायतकर्ता,नायब तहसीलदार, पंचायत सचिव से ली जानकारी
** जनसंवाद में जुड़े एसडीएम/ तहसीलदार को दिए कार्यवाही के निर्देश
आज जिलाधिकारी श्री गौरंग राठी ने जनसंवाद के माध्यम से तहसील टहरौली ग्राम पंचायत ढुरबई के ग्राम मवई की 05 जनवरी 2026 से निस्तारण की प्रतीक्षा में जनसमस्या का वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से तत्काल निस्तारण किया।
आज जिलाधिकारी श्री गौरांग राठी ने पुनः पहल करते हुए अपने महत्वाकांक्षी कार्यक्रम जनसंवाद किया, उन्होंने कलेक्ट्रेट स्थित अपने कक्ष में वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से श्री वृंदावन आदि निवासी ग्राम मवई ग्राम पंचायत ढुरवई के ग्रामीणों को सीधा प्रभावित करने वाली शिकायत को गंभीरता एव संवेदनशीलता के साथ सुना।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जनसंवाद का सीधा तात्पर्य यह है कि उक्त शिकायत का मौके पर ही निस्तारण किया जाए ताकि आमजन की समस्या का हल तत्काल किया जा सके। उन्होंने कहा कि जनसमस्याओ के निष्पादन में जिले के सभी पदाधिकारी पूरी संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करें। उन्होंने निर्देश दिए कि आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित एवं पारदर्शी समाधान की दिशा में एक महत्वपर्ण पहल है,समाधान निर्धारित समय-सीमा के भीतर सुनिश्चित किया जाए, ताकि आम जनता को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
श्री विन्द्रावन,मिथिलेश, सुरेंद्र कुमार एवं सचिन ग्रामवासी मवई ग्राम पंचायत ढुरबई द्वारा प्रार्थना पत्र देते हुए निवेदन किया कि ग्राम पंचायत ढुरबई के ग्राम मवई में बालाराम के मकान से मुक्तिधाम तक की सी.सी. पूर्ण रूप से उखड़ गयी है, जिससे ग्रामवासी मवई के लोगो को आने जाने मे बहुत ज्यादा परेशानी हो रही है। मात्र एक रास्ता ऐसा है जिससे लोगो का आना जाना अधिक होता है, छोटे-छोटे बच्चे ट्यूसन पढ़ने के लिये नही निकल पाते है रास्ता पूर्ण रूप से खराब है रास्ते मे पानी भरा रहता है दोनो तरफ की नाली उखड़ गयी है, जिससे रास्ता पूर्ण बाधित है इसके पहले ग्राम वासियो ने उक्त प्रार्थना पत्र दिनांक 05.01.2026 को सम्पूर्ण समाधान दिवस मे दिया था जिसका कोई समाधान नही निकला।अतः श्रीमान जी से प्रार्थना है कि ग्रामवासी मवई का प्रार्थना पत्र स्वीकार करते हुये उक्त समस्या का पूर्ण समाधान किया जाय जिससे लोगो को परेशानी न हो श्रीमान जी की अति कृपा होगी।
आज जिलाधिकारी श्री गौरांग राठी ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से मौके पर शिकायतकर्ता नायब तहसीलदार, सचिव ग्राम पंचायत सहित उपजिलाधिकारी एवं तहसीलदार संग शिकायत का मौके पर परीक्षण किया।
सुनवाई के दौरान उपरोक्त तथ्यों के सम्बन्ध में मौके पर उपस्थित नायब तहसीलदार एवं सचिव द्वारा बताया गया कि शिकायतकर्तागण की शिकायत प्रथम दृष्टया सही है। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जिलाधिकारी को मौके की स्थिति को दिखाया गया। आबादी के पानी के निकासी की कोई समुचित व्यवस्था न होने के कारण पानी रास्ते में भरा हुआ है।
जिलाधिकारी ने एसडीएम को निर्देशित करते हुए कहा कि सड़क पर पानी फैलाने वालों को चिन्हित करते हुए उन्हें धारा-152 में पाबंद किया जाए, इसके अतिरिक्त गांव में पानी की निकासी हेतु वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित की जाए ताकि ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी न हो।
सुनवाई के दौरान जिलाधिकारी श्री गौरांग राठी ने समस्या का स्थायी समाधान हेतु पंचायत सचिव को उक्त नाली एवं सड़क के निर्माण किये जाने हेतु प्रस्ताव तैयार कर खण्ड विकास अधिकारी के माध्यम से मुख्य विकास अधिकारी, झॉसी को प्रेषित किए जाने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी श्री गौरांग राठी ने कहा कि सेवा-संवाद-समाधान कार्यक्रम के माध्यम से प्रशासन और आम जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित हआ है। इससे न केवल समस्याओं के समाधान की प्रक्रिया तेज होगी, बाल्कि प्रशासन के प्रति आम लोगों का भरोसा भी और अधिक मजबूत होगा।
सीधे जनसंवाद के दौरान अपर जिलाधिकारी न्याय श्री अरुण कुमार गौड़ एवं ई डिस्ट्रिक्ट मैनेजर श्री आकाश रंजन, वरिष्ठ सहायक श्री शिवाकांत, वरिष्ठ सहायक श्री प्रदीप कुशवाह एवम स्टैनो श्री शुभम जैन उपस्थित रहे।
——————————————
जिला सूचना कार्यालय द्वारा प्रसारित

