जिलाधिकारी श्री गौरांग राठी के निर्देशन पर हुई सख्त कार्रवाई*
*अनधिकृत पोर्टेबल अल्ट्रासाउंड मशीन सीज, स्वास्थ्य विभाग व प्रशासन की संयुक्त कार्रवाई*
*मौके पर बरामद हुए पोर्टेबल मशीन सहित दो मोबाइल फोन, एक कैमरे का डीवीआर, मोबाइल चार्जर एडाॅप्टर*
झाँसी। जिलाधिकारी श्री गौरांग राठी के निर्देशानुसार नगर मजिस्ट्रेट के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग एवं प्रशासन की संयुक्त टीम ने मेडिकल कॉलेज के सामने करगुवांजी मंदिर के पास स्थित एक मकान में किराये के कमरे में संचालित अवैध अल्ट्रासाउंड गतिविधियों के विरुद्ध कार्रवाई की।
निरीक्षण के दौरान टीम को सूचना मिली कि कुछ लोग बिना वैध अनुमति के पोर्टेबल अल्ट्रासाउंड मशीन से अवैध रूप से अल्ट्रासाउंड कर रहे हैं। सूचना मिलते ही स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुँची तथा दूरभाष के माध्यम से नगर मजिस्ट्रेट एवं मुख्य चिकित्सा अधिकारी को अवगत कराया गया। दोनों अधिकारियों के अनुमोदन के बाद तत्काल विधिक कार्रवाई प्रारंभ की गई।
मौके पर कमरे में दो व्यक्ति बैठे मिले तथा पोर्टेबल अल्ट्रासाउंड मशीन चालू अवस्था में पाई गई। टीम को देखकर दोनों व्यक्ति मौके से भाग निकले, जिसकी वीडियो रिकॉर्डिंग कर ली गई। इसके बाद नगर मजिस्ट्रेट की अनुमति से सीजिंग की कार्रवाई की गई।
कार्रवाई के दौरान एक पोर्टेबल अल्ट्रासाउंड मशीन, दो मोबाइल फोन, एक कैमरे का डीवीआर, दो मोबाइल चार्जर तथा एक एडाप्टर बरामद कर सीज किया गया। सीज किया गया समस्त सामान नगर मजिस्ट्रेट एवं मुख्य चिकित्सा अधिकारी की उपस्थिति में नोडल अधिकारी/उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी की अभिरक्षा में सुरक्षित रखवा दिया गया है। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई प्रचलित है।
जांच में पाया गया कि संबंधित मशीन मकान संख्या-122, पावागिरी शिक्षण संस्थान, करगुवांजी मंदिर के पास स्थित भवन में रखी गई थी। उक्त मकान के स्वामी सौरभ कुमार जैन, पुत्र श्री भरत चन्द्र जैन, निवासी बड़ा बाजार, झाँसी हैं। निरीक्षण के दौरान भवन के ऊपरी हिस्से में मेडिकल संबंधी व्यवसाय संचालित होता पाया गया, जबकि भवन के एक भाग में मकान मालिक द्वारा पेंट की दुकान संचालित की जा रही थी।
मकान मालिक ने बताया कि संबंधित कमरा प्रिंकित नामक व्यक्ति को किराये पर दिया गया था। सीजिंग की पूरी कार्रवाई सौरभ कुमार जैन एवं विशाल कुशवाहा की उपस्थिति में संपन्न कराई गई। प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा मामले की विस्तृत जांच जारी है तथा नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है।
———————————-
सूचना विभाग झांसी द्वारा प्रसारित

