मुख्य सचिव ने प्रोजेक्ट मॉनीटरिंग ग्रुप की बैठक में प्रमुख परियोजनाओं की समीक्षा की*
*बुन्देलखण्ड इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट अथॉरिटी, फिल्म सिटी एवं मेडिकल डिवाइस पार्क परियोजनाओं में कार्यों में तेजी लाने के निर्देश*
उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव श्री एस.पी. गोयल की अध्यक्षता में आज प्रोजेक्ट मॉनीटरिंग ग्रुप (PMG) की बैठक आयोजित की गई, जिसमें प्रदेश की प्रमुख औद्योगिक एवं अवसंरचनात्मक परियोजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में बुन्देलखण्ड इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट अथॉरिटी (BIDA), फिल्म सिटी परियोजना तथा मेडिकल डिवाइस पार्क, गौतमबुद्ध नगर से संबंधित कार्यों की स्थिति पर विस्तार से चर्चा हुई।
मुख्य सचिव ने सभी परियोजनाओं की नियमित निगरानी, समयबद्ध क्रियान्वयन तथा निवेशकों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विशेष बल देते हुए अधिकारियों को निर्धारित समयसीमा के भीतर लक्ष्यों की प्राप्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बुन्देलखण्ड इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट अथॉरिटी की समीक्षा के दौरान मुख्य सचिव ने कहा कि भूमि अर्जन की वर्तमान प्रगति निर्धारित मासिक लक्ष्यों की तुलना में अपेक्षाकृत कम है। उन्होंने अधिकारियों को विशेष प्रयास करते हुए भूमि अर्जन की प्रक्रिया में तेजी लाने, सभी लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण करने तथा कार्य में आने वाली बाधाओं को प्राथमिकता के आधार पर दूर करने के निर्देश दिए।
उन्होंने निर्देशित किया कि पर्यावरणीय स्वीकृति (Environmental Clearance) के दौरान प्राप्त सुझावों एवं शर्तों को महायोजना-2045 में समाहित कर आवश्यक संशोधनों सहित शासन को शीघ्र स्वीकृति हेतु भेजा जाए।
मुख्य सचिव ने विद्युत एवं पेयजल आपूर्ति की दीर्घकालिक आवश्यकताओं का विशेषज्ञ एजेंसी के माध्यम से वैज्ञानिक आकलन (Assessment) कराते हुए भविष्य की मांग के अनुरूप आधारभूत अवसंरचना विकसित करने के निर्देश भी दिए।
बैठक में अवगत कराया गया कि अब तक 27,444 एकड़ भूमि का अर्जन किया जा चुका है। परियोजना के अंतर्गत 12 सेक्टरों के सेक्टर प्लान एवं यूटिलिटी प्लॉट प्लान तैयार किए जा चुके हैं। डाटा सेंटर, आईटी, केमिकल तथा डिफेंस इंडस्ट्रीज के लिए समर्पित क्लस्टरों हेतु भूमि चिन्हित कर ली गई है। प्रारंभिक विकास एवं औद्योगिक आवंटन के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग-27 (झांसी-शिवपुरी मार्ग) के किनारे लगभग 1,000 हेक्टेयर क्षेत्र को एक्टिवेशन एरिया के रूप में विकसित किया जा रहा है।
फिल्म सिटी परियोजना की समीक्षा करते हुए मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि परियोजना से संबंधित सभी औपचारिकताएं शीघ्र पूर्ण कराकर जल्द से जल्द शिलान्यास कराया जाए।
बैठक में बताया गया कि स्टूडियो कॉम्प्लेक्स के निर्माण के लिए निविदा प्रक्रिया प्रारंभ की जा चुकी है। परमानेंट सेट के संचालन के साथ-साथ परियोजना के अन्य निर्माण पैकेजों को अंतिम रूप दिया जा रहा है, जिससे परियोजना को गति मिली है। कंसेशनेर द्वारा परियोजना की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) 30 जून 2026 को प्रस्तुत की गई है, जिसका परीक्षण कंसेशन एग्रीमेंट, प्रचलित नियमों एवं यीडा के दिशा-निर्देशों के अनुरूप किया जा रहा है।
मेडिकल डिवाइस पार्क (गौतमबुद्ध नगर) की समीक्षा के दौरान मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि जिन आवंटियों द्वारा अभी तक निर्माण कार्य प्रारंभ नहीं किया गया है, उनसे सक्रिय संपर्क एवं समन्वय स्थापित कर अधिकाधिक भूखंडों पर शीघ्र निर्माण कार्य प्रारंभ कराया जाए। साथ ही लीज डीड, भूखंड का कब्जा तथा मानचित्र स्वीकृति जैसी प्रक्रियाओं में तेजी लाने के निर्देश दिए।
बैठक में बताया गया कि मेडिकल डिवाइस पार्क में 186.27 एकड़ भूमि औद्योगिक इकाइयों के लिए आरक्षित है। अब तक 123 भूखंडों का आवंटन किया जा चुका है। इनमें से 60 आवंटियों ने भूखंड का कब्जा प्राप्त कर लिया है, जबकि 23 भूखंडों पर निर्माण कार्य प्रारंभ हो चुका है।
इसके अतिरिक्त 90 निवेशकों ने लीज प्लान जमा किए हैं, 77 लीज डीड निष्पादित हो चुकी हैं तथा प्राधिकरण द्वारा अब तक 35 औद्योगिक इकाइयों के भवन मानचित्र स्वीकृत किए जा चुके हैं। शेष आवंटियों के साथ समन्वय स्थापित कर निर्माण गतिविधियों में तेजी लाने की कार्यवाही की जा रही है।
प्रमुख सचिव नियोजन श्री आलोक कुमार भौतिक रूप से तथा अथॉरिटी के वरिष्ठ अधिकारीगण वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में उपस्थित थे।
————————————
जिला सूचना कार्यालय द्वारा प्रसाद

