• Fri. Aug 21st, 2026

BKT News24

Hindi news, हिंदी न्यूज़ , Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, Breaking News in Hindi, ताजा ख़बरें, BKT News24

समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित वृद्धाश्रम का डीएम ने किया औचक निरीक्षण

ByBKT News24

Aug 21, 2026

समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित वृद्धाश्रम का डीएम ने किया औचक निरीक्षण

** वृद्धजनों से किया संवाद और वितरित किए फल एवं मिष्ठान

** वृद्धाश्रम में महिलाओं ने जिलाधिकारी को टीका लगाकर किया स्वागत, भेंट किए पुष्प

** सार्वजनिक शिक्षोनयन संस्थान द्वारा संचालित वृद्धाश्रम कि व्यवस्था देख किया संतोष व्यक्त

आज समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित वृद्धाश्रम, जो वर्ष 2018 से निराश्रित एवं असहाय वृद्धजनों को आश्रय प्रदान कर रहा है, का आज जिलाधिकारी श्री गौरांग राठी एवं मुख्य विकास अधिकारी श्री रामेश्वर सुधाकर सब्बनवाड द्वारा संयुक्त रूप से निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी ने वृद्धाश्रम में निवासरत वृद्धजनों से आत्मीयता के साथ भेंट करते हुए उन्होंने सभी वृद्धजनों को फल एवं मिष्ठान वितरित किए एवं उनका हालचाल जाना।

*निरीक्षण के दौरान डीएम ने दिए गए निर्देश:*

*1. स्वास्थ्य एवं भोजन व्यवस्था*
जिलाधिकारी श्री गौरांग राठी ने वृद्धजनों से संवाद करते हुए उनके स्वास्थ्य एवं भोजन की गुणवत्ता के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि मेनू के अनुसार समय पर गुणवत्तापूर्ण एवं पौष्टिक भोजन की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। वृद्धजनों के नियमित स्वास्थ्य परीक्षण हेतु शीघ्र स्वास्थ्य शिविर आयोजित कराया जाए।

*2. आवासीय एवं अन्य व्यवस्थाएं*
जिलाधिकारी श्री गौरांग राठी ने भ्रमण के दौरान रसोईघर, भोजन कक्ष, शयन कक्ष, शौचालय एवं परिसर की साफ-सफाई का बारीकी से निरीक्षण किया। उपस्थिति पंजिका, दवा वितरण पंजिका एवं अन्य अभिलेखों का भी अवलोकन किया गया।

साफ-सफाई एवं अभिलेखों के रख-रखाव पर संतोष व्यक्त करते हुए अधिकारियों ने कर्मचारियों को निर्देशित किया कि वृद्धजनों के साथ संवेदनशीलता एवं सम्मानपूर्वक व्यवहार किया जाए।

*3. जिला प्रशासन की प्रतिबद्धता*
जिलाधिकारी श्री गौरांग राठी ने कहा कि जिला प्रशासन वृद्धजनों के प्रति पूर्ण संवेदनशीलता एवं उदारता के साथ कार्य कर रहा है। कोई भी निराश्रित वृद्धजन असहाय न रहे, यह हमारी प्राथमिकता है। वृद्धाश्रम में सभी मूलभूत सुविधाएं बेहतर ढंग से उपलब्ध कराई जाएंगी।
*4. जिला समाज कल्याण ने दी जानकारी*
जिला समाज कल्याण अधिकारी श्रीमती ललिता यादव ने बताया कि वृद्धाश्रम में वर्तमान में 108 वृद्धजन निवास कर रहे हैं, जिसमें 58 महिलाएं एवं 50 पुरुष पंजीकृत है। उन्होंने बताया कि महिला और पुरुष की अलग अलग व्यवस्थाएं की गई हैं, उन्हें निःशुल्क आवास, भोजन, वस्त्र एवं चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।
इस अवसर पर जिला समाज कल्याण अधिकारी श्रीमती ललिता यादव एवं वृद्धाश्रम का स्टाफ उपस्थित रहा।
———‐———————–
जिला सूचना कार्यालय द्वारा प्रसारित