सांसद झांसी-ललितपुर की अध्यक्षता में सर्किट हाउस सभागार में आयोजित हुई कोर कमेटी की बैठक
** एल0ओ0एच0एच0 योजना का जनपद में किया जाए व्यापक प्रचार प्रसार:- सांसद झांसी- ललितपुर
** सड़क, पानी, बिजली के कार्य एवं निर्माणाधीन परियोजनाओं को जल्द पूर्ण करें :-मा0 सांसद झांसी-ललितपुर
** विद्युत आपूर्ति को सुधारे जाने के निर्देश, ट्रांसफार्मर रिपेयरिंग के कार्य पर जताया असंतोष
** कोर कमेटी की बैठक में नगर में ट्रैफिक व्यवस्था एवं बस स्टैंड/ सब्जी एवं फलमण्डी शिफ्टिंग पर भी हुई चर्चा
झांसी/ जिलाधिकारी श्री गौरांग राठी ने सर्किट हाउस सभागार में मा0 सांसद झांसी-ललितपुर श्री अनुराग शर्मा सहित समस्त जनप्रतिनिधियों का स्वागत करते हुए नगर में ट्रैफिक व्यवस्था, हर आमजन तक शुद्ध पेयजल आपूर्ति करने के अतिरिक्त जनपद में सुरक्षित सड़क एवं विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के संबंध में विस्तृत चर्चा की।
आयोजित बैठक सांसद झांसी- ललितपुर श्री अनुराग शर्मा ने समस्त विधायक, सदस्य विधान परिषद एवं जिलाध्यक्ष, महानगर अध्यक्ष से कहा कि नगर में सुरक्षित ट्रैफिक व्यवस्था, प्रत्येक नगरवासी को पर्याप्त शुद्ध पेयजल की आपूर्ति के अतिरिक्त नगर एवं जनपद में पर्याप्त विद्युत की उपलब्धता, आवागमन में सुरक्षित सड़कें सुनिश्चित किया जाना हम सभी की नैतिक जिम्मेदारी है। उन्होंने उपस्थित विभिन्न विभागों के अधिकारियों को समय से और गुणवत्तापरक कार्य करने के निर्देश दिए ताकि जनपदवासियों कोई समस्या न हो।
बैठक में जिलाधिकारी श्री गौरांग राठी ने उपस्थित जनप्रतिनिधियों सहित अधिकारियों को शासन के निर्देशों के क्रम में कोर कमेटी के संचालन की जानकारी देते हुए पूर्व में कोर कमेटी में लिए गए निर्णय पर अब तक क्या कार्यवाही की गई, के संबंध में बिन्दुवार जानकारी दी।
मा. सांसद झांसी ललितपुर श्री अनुराग शर्मा ने उपस्थित समस्त अधिकारियों को जनप्रतिनिधियों के पत्रों का समय से जवाब दिए जाने के निर्देश दिए ताकि समस्या का समय से निदान संभव हो सके। उन्होंने बैठक में आने वाले त्योहारों के दृष्टिगत गणेश पंडालों के पास पर्याप्त साफ-सफाई के अतिरिक्त पेयजल हेतु टैंकर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
बैठक में सांसद श्री अनुराग शर्मा ने जेल चौराहा से ईलाइट, जीवनशाह और बीकेडी चौराहे की ओर जाने वाले मार्ग पर ठेलों के कारण समस्या बनी है, इसी प्रकार शहर क्षेत्र में मेडिकल कॉलेज रोड पर वेंडर आ जाने के कारण वहां पर भी अतिक्रमण और जाम की स्थिति बनी रहती है। उन्होंने लक्ष्मीबाई पार्क के पास किला चौकी पर भी ठेलों के कारण आने जाने में लोगों को समस्या हो रही है। उन्होंने वहां ब्रेकर बनाए जाने का सुझाव दिया ताकि दुर्घटनाओं को रोका जा सके।
उन्होंने आने वाले रबी सीजन में किसानों को खाद की समस्या न हो, उसके लिए अभी से खाद वितरण हेतु कार्ययोजना बनाए जाने का सुझाव दिया ताकि सोसायटी के माध्यम से समय पर किसान को खाद मिल सके। इस अवसर पर मा. सांसद ने लेखपाल और ग्राम विकास अधिकारी को नियमित रूप से गाँवों में पहुंचने का सुझाव दिया ताकि ग्रामीणों को विभिन्न प्रकार के प्रमाण पत्र आदि बनवाने में कोई समस्या न रहो। इसके साथ ही भूमि पेमाइश में भी कार्रवाई तत्काल की जा सके।
कोर कमेटी की बैठक में सांसद ने जनपद में विद्युत व्यवस्था को लेकर की जा रही तैयारियों की समीक्षा करते हुए विभागीय अधिकारियों को (LOHH) विद्युत संयोजन से “छूटे हुए मजरे/घर” योजना का क्षेत्र में व्यापक प्रचार प्रसार प्रसार करने के निर्देश दिए ताकि ऐसे उपभोक्ता जिन्हें अभी विद्युत संयोजन प्राप्त नहीं है, वह आवेदन कर संयोजन प्राप्त कर सकें। उन्होंने मेडिकल कॉलेज तिराहे पर एवं शिवानी चौराहे पर निर्माणाधीन सेतु निर्माण की जानकारी ली। परियोजना निदेशक द्वारा बताया गया कि माह अक्टूबर तक दोनों सेतु निर्माण पूर्ण हो जायेंगे।
बैठक में विधायक सदर श्री रवि शर्मा ने कहा कि त्यौहारी सीजन आ रहा है गणेश प्रतिमाओं को ले जाने में डीजे आदि पर अनावश्यक रोक न लगाई जाए। त्योहार सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हो। उन्होंने नगर में नशीले पदार्थों की बिक्री पर सख्त कार्रवाई किए जाने के निर्देश दिए, उन्होंने कहा कि स्कूलों, कॉलेजो, महाविद्यालयों के आसपास किसी भी दशा में नशीले पदार्थों की बिक्री न हो, इसे अवश्य सुनिश्चित किया जाए। इसके अतिरिक्त विधायक सदर ने बैठक में कोरोना के दौरान जिन्होंने अपनी सेवाएँ दी हैं, उन्हें स्वास्थ्य विभाग में समायोजित किए जाने की कार्रवाई प्रचलित है। विधायक सदर ने कहा कि कोरोना काल में सेवाएं देने वाला कोई भी व्यक्ति समायोजित होने से छूटने न पाए सभी को समायोजित किया जाए। उन्होंने सुरक्षित यातायात व्यवस्था को सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न विभागों द्वारा जो सड़क क्षतिग्रस्त की गई है, उसे जल्द से जल्द रिस्टोर किए जाने के निर्देश दिए ताकि आवागमन में जनता को कोई समस्या न हो।
महानगर अध्यक्ष श्री सुधीर सिंह ने समस्त कल्याण विभाग द्वारा सामूहिक विवाह के आयोजन में की गई शिकायतों पर अब तक क्या कार्रवाई की गई तथा जिला अस्पताल में प्राइवेट लोगों द्वारा दवा लिखे जाने पर कठोर कार्रवाई करते हुए अवगत कराने का सुझाव दिया।
बैठक में विधायक बबीना श्री राजीव सिंह परीछा ने विधानसभा क्षेत्र में काफी समय से ट्रांसफार्मर खराब होने के कारण विद्युत आपूर्ति नहीं हो पा रही है, जिससे ग्रामीणों में नाराजगी है। उन्होंने नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि जो ट्रांसफार्मर ठीक किए जा रहे हैं, उनकी गुणवत्ता अच्छी नहीं है, तत्काल ट्रांसफार्मर पुनः खराब हो जाते हैं। उन्होंने हर घर नल जल योजना के अंतर्गत क्षतिग्रस्त सड़कों को जल्द से जल्द ठीक कराए जाने के साथ ही हर घर तक पानी पहुँचाना सुनिश्चित कराए जाने के निर्देश दिए।
बैठक में विधायक गरौठा श्री जवाहरलाल राजपूत ने क्षेत्र में जल्द से जल्द अतिवर्षा के कारण फसल क्षति का सर्वे कराते हुए मुआवजा किसानों को वितरित कराए जाने का सुझाव दिया। इसके अतिरिक्त उन्होंने किसानों को समय से खाद की उपलब्धता हेतु अभी से तैयारी करते हुए समितियों के माध्यम से खाद वितरण कराना सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष श्री पवन गौतम, मेयर श्री बिहारीलाल आर्य, विधायक नगर श्री रवि शर्मा, विधायक गरौठा श्री जवाहर लाल राजपूत, विधायक मऊरानीपुर डॉ0 रश्मि आर्या, विधायक बबीना श्री राजीव सिंह परीछा, सदस्य विधान परिषद श्रीमती रमा निरंजन, महानगर अध्यक्ष श्री सुधीर सिंह, जिलाध्यक्ष श्री प्रदीप पटेल उपस्थित रहे।
इस अवसर पर नगर आयुक्त सुश्री आकांक्षा राणा, उपाध्यक्ष जेडीए श्री हिमांशु गौतम, मुख्य विकास अधिकारी श्री रामेश्वर सुधाकर सब्बनबाड, सीएमओ डॉ0 शिशिर पुरी, एसपी ग्रामीण डॉ0 अरविंद कुमार, एडीएम प्रशासन शिव प्रताप शुक्ल, एडीएम न्याय अरुण कुमार गौड़, एडीएम वित्त एवं राजस्व श्रीमती पल्लवी मिश्रा, एडीएम नमामी गंगे योगेश कुमार, झांसी विकास प्राधिकरण सचिव गौरव शुक्ला, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग रजनीश गुप्ता सहित जलनिगम के अधिकारी उपस्थित रहे।
—————————————
जिला सूचना कार्यालय द्वारा प्रसारित

