अब समय केवल बातों का नहीं, बल्कि बदलाव का है:- जिलाधिकारी
** सहारिया समुदाय अपने उत्थान एवं विकास के लिए आगे आएं,जिला प्रशासन विकास के लिए करेगा हर संभव सहयोग
** स्वच्छ गाँव-समृद्ध गाँव के अंतर्गत ग्राम सिमरावारी में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन इकाई का जिलाधिकारी ने किया उद्घाटन
** ग्राम सिमरावारी में बच्चे डिजिटल लाइब्रेरी से जानेंगे देश दुनिया को:-जिलाधिकारी
** ग्राम खैलार में कंप्यूटर लैब का किया शुभारंभ, आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस को भी सम्मिलित किए जाने का दिया सुझाव
** ग्राम बड़ोरा में जनसुनवाई के दौरान सहरिया समुदाय की सुनी समस्याएं,दिए निस्तारण के निर्देश
जिलाधिकारी श्री गौरांग राठी द्वारा आज विकास खण्ड बबीना के ग्राम खैलार में ग्राम निधि से निर्मित कम्प्यूटर लैब का शुभारम्भ किया गया। इस अवसर पर उन्होंने बच्चों से संवाद कर उनकी शिक्षा एवं भविष्य के संबंध में जानकारी ली तथा कम्प्यूटर शिक्षा में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (ए.आई.) को भी सम्मिलित किए जाने का सुझाव दिया।
जिलाधिकारी द्वारा ग्राम सिमरावारी में ग्राम पंचायत एवं नगर निगम के मध्य हुए एम.ओ.यू. के अन्तर्गत डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण से एकत्रित कचरे के निस्तारण की व्यवस्था का शुभारम्भ किया गया। उन्होंने डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण करने वाली गाड़ियों को हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया तथा स्वच्छता के क्षेत्र में सहयोग प्रदान करने वाले डोर-टू-डोर कार्मिकों को सम्मानित किया।
जिलाधिकारी ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि ग्राम सिमरावारी में विगत लगभग 1.5 वर्ष से डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण का कार्य संचालित किया जा रहा है। कचरे के निस्तारण की व्यवस्था को और बेहतर बनाने के उद्देश्य से अब नगर निगम के साथ एम.ओ.यू. किया गया है। उन्होंने ग्राम सिमरावारी के ग्रामवासियों से स्वच्छता व्यवस्था में अपना सक्रिय सहयोग प्रदान करने तथा ग्राम पंचायत को नम्बर-01 बनाने के लिए आगे आने का आह्वान किया। उन्होंने व्यापारियों बंधुओं के साथ कूड़ा संग्रहण के संबंध में वार्ता करते हुए अपील की कि व्यापारीकरण अपनी दुकानों से निकलने वाले कूड़े को डोर टू डोर संग्रहण वाले को एकत्रित कूड़ा डिस्पोजल हेतु दें ताकि ग्राम की स्वच्छता बनी रहे।
इसके पश्चात् जिलाधिकारी द्वारा ग्राम पंचायत सिमरावारी में डिजिटल लाइब्रेरी का उद्घाटन किया गया। उन्होंने डिजिटल लाइब्रेरी का भ्रमण कर बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए उपलब्ध पुस्तकों एवं अन्य सुविधाओं की जानकारी ली तथा बच्चों को उपलब्ध शैक्षणिक संसाधनों का अधिक से अधिक लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।
विभिन्न उद्घाटन एवं शुभारम्भ कार्यक्रमों में प्रतिभाग करने के पश्चात् जिलाधिकारी द्वारा सहरिया समुदाय वाले ग्राम बडोरा में आयोजित जन चौपाल में प्रतिभाग किया गया। इस दौरान उन्होंने सहरिया समुदाय के उत्थान एवं विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की। जन चौपाल के अवसर पर सहरिया समुदाय की बालिकाओं द्वारा सुन्दर नृत्य की प्रस्तुति भी दी गई।
जिलाधिकारी ने ब्लॉक बबीना के खण्ड विकास अधिकारी/सहायक कलेक्टर श्री आयुष सैनी द्वारा सहरिया समुदाय के लोगों को विभिन्न शासकीय योजनाओं से जोड़ने के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। इस अवसर पर सहायक कलेक्टर श्री आयुष सैनी द्वारा सहरिया समुदाय के बच्चों को चिन्हित कर निर्गत कराए गए जन्म प्रमाण-पत्र भी वितरित किए गए।
जिलाधिकारी द्वारा सहरिया समुदाय का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उत्थान एवं विकास के लिए सम्बन्धित अधिकारियों को आवश्यक सहयोग प्रदान करने के निर्देश दिए गए। जन चौपाल के दौरान चिकित्सा, एनआरएलएम, समाज कल्याण एवं शिक्षा विभाग आदि द्वारा लगाए गए शिविरों का भी अवलोकन किया गया। उन्होंने विभागीय शिविरों में उपलब्ध सेवाओं एवं योजनाओं की जानकारी ली तथा बच्चों को अन्नप्राशन भी कराया।
जिलाधिकारी ने जन चौपाल में उपस्थित सहरिया समुदाय के लोगों की विभिन्न समस्याओं को भी सुना तथा सम्बन्धित अधिकारियों को उनके नियमानुसार एवं समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए। जन चौपाल के दौरान पेयजल आपूर्ति से सम्बन्धित समस्या संज्ञान में आने पर उन्होंने तत्काल सम्बन्धित अवर अभियन्ता को निर्देशित किया कि वह ग्राम में पहुंचकर ऑनलाइन माध्यम से जुड़ते हुए वस्तुस्थिति से अधोहस्ताक्षरी को अवगत कराएं तथा यथासम्भव समस्या का समाधान सुनिश्चित कराएं।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने ग्राम के सहरिया समुदाय के अध्यापक बाबू भैया से भी संवाद किया तथा सहरिया समुदाय के लोगों से शिक्षा एवं आर्थिक रूप से उन्नति के लिए निरन्तर प्रयास करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि अब समय केवल बातों का नहीं, बल्कि बदलाव का है। सहरिया समुदाय अपने उत्थान एवं विकास के लिए आगे आए तथा प्रशासन द्वारा उनके विकास के लिए हर सम्भव सहयोग प्रदान किया जाएगा।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी श्री रामेश्वर सुधाकर सब्बनवाड, सहायक कलेक्टर एवं खण्ड विकास अधिकारी बबीना श्री आयुष सैनी, जिला पंचायत राज अधिकारी, सम्बन्धित प्रशासक एवं सचिव सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।
————————–‐——
जिला सूचना कार्यालय द्वारा प्रसारित

