• Sun. Nov 1st, 2026

BKT News24

Hindi news, हिंदी न्यूज़ , Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, Breaking News in Hindi, ताजा ख़बरें, BKT News24

जनपद के प्रगतिशील कृषक जाएं एक्सपोजर विजिट पर, नई तकनीक सीख करें खेती में उपयोग:- जिलाधिकारी

ByBKT News24

Oct 31, 2026

जनपद के प्रगतिशील कृषक जाएं एक्सपोजर विजिट पर, नई तकनीक सीख करें खेती में उपयोग:- जिलाधिकारी

** जनपद की समस्त सोसायटीयों में खाद की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए, ओवर रेटिंग पर होगी कार्रवाई

** पारंपरिक खेती के साथ विभागीय योजनाओं लाभ लेते हुए किसान करें अपनी आय को दोगुना

** किसानों की समस्याओं पर हमारा फोकस, समस्याओं को तुरंत निस्तारण किए जाने का होगा प्रयास :-जिलाधिकारी

** किसान डी कंपोजर का इस्तेमाल कर मृदा में कार्बन की मात्रा बढ़ाएं, खेत में पराली जलाने से बचें

** रबी की फसल में उर्वरक और उन्नतशील बीज की नहीं होगी कमी , जनपद में पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध

** गोष्ठी में केवीके के वैज्ञानिकों ने नवीनतम जानकारी किसानों को उपलब्ध कराई

** किसान खेती के साथ मस्त्य, पशुपालन, उद्यान सहित अन्य विभाग की योजनाओं का लाभ लेते हुए अपनी आय बढ़ाएं

आज जिलाधिकारी श्री गौरांग राठी की अध्यक्षता में विकास भवन सभागार में कृषि सूचनातंत्र योजनान्तर्गत आयोजित जनपद स्तरीय रबि उत्पादकता गोष्ठी-2026, जनपद स्तरीय किसान दिवस सहित कृषक वैज्ञानिक गोष्ठी का विधिवत शुभारंभ हुआ।
जनपद स्तरीय रबी उत्पादकता गोष्ठी 2026 में जिलाधिकारी श्री गौरांग राठी ने किसानों को सम्बोधित करते हुये कहा कि गोष्ठी का उद्देश्य है की आपको सुन सकें और जो समस्याएं हैं उन्हें दूर कर सकें। उन्होंने रबी में अब तक क्या- क्या तैयारियां कर ली है की जानकारी लेते हुए किसानों को बताया कि जनपद में खाद की कोई कमी नहीं है। सभी सोसाइटी और निजी विक्रेताओं के पास पर्याप्त मात्रा में यूरिया/डीएपी उपलब्ध है। अतः किसान किसी भी अफवाह में आएं। क्षेत्र में बुवाई के दौरान उचित मांग के अनुसार ही खाद का वितरण सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि ओवर रेटिंग की शिकायत प्राप्त होती है, तो संबंधित के विरुद्ध सख्ततम कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
जिलाधिकारी ने किसान दिवस एवं रवि उत्पादकता गोष्ठी में किसानों से कहा कि पराली न जलाये, उन्होंने सुझाव दिया कि डी कंपोजर का इस्तेमाल करें और मृदा में कार्बन की मात्रा को बढ़ाएं। उन्होने कहा कि गांव-गांव प्रचार-प्रसार किया जा रहा है ताकि लोग सतर्क रहे और पराली ना जलाये। सभी सहयोग करें ताकि सुप्रीम कोर्ट के आदेशों का पालन किया जा सके।
विकास भवन सभागार में आयोजित जनपद स्तरीय रबी उत्पादकता गोष्ठी 2026/जनपद स्तरीय किसान दिवस तथा कृषक- वैज्ञानिक संवाद कार्यक्रम में जिलाधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि जनपद में बीज की कोई कमी नहीं है उन्होंने किसानों को सुझाव देते हुए कहा की उन्नतशील प्रजाति के ही बीजों का इस्तेमाल किया जाए ताकि उत्पादन और उत्पादकता में बढ़ोतरी हो। उन्होंने उपस्थित अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनपद के प्रगतिशील कृषकों को एक्सपोजर विजिट के लिए भ्रमण कराया जाए ताकि नई तकनीक और जानकारियाँ प्राप्त कर उसे खेती-किसानी में प्रयोग करें ताकि स्वयं एवं क्षेत्र के किसानों को लाभ मिल सके।
आयोजित रबी उत्पादकता गोष्ठी-2026 एवं किसान दिवस में तहसील गरौठा के श्री पंकज राजपूत सहित अनेकों किसानों ने जिलाधिकारी को बताया की निजी ट्यूबवेल लगे हैं। बहुत से किसानों के ट्रांसफार्मर खराब हो गए हैं जिससे किसानों को पानी की समस्या है और मूंगफली की फसल खेत में खड़ी है। अक्टूबर माह में बुवाई प्रारंभ की जानी है, परन्तु खेत खाली न होने से समस्याएं बढ़ रही हैं। तत्काल ट्रांसफार्मर ठीक कराए जाएं, जिससे पलेवा कर खेत खाली कराए किया जा सके। जिलाधिकारी ने तत्काल संबंधित अधिशासी अभियंता विद्युत को अग्रिम कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर किसान नेता श्री कमलेश लम्बरदार, श्री गौरीशंकर विदुआ, श्री महेन्द्र शर्मा ने भी किसानों की समस्याओं को रखा जिसे जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल निस्तारण करने के निर्देश दिए।
इस मौके पर केवीके वैज्ञानिक डॉ0 निशि राय, कार्यकारी अधिकारी मत्सय श्रीमती दीपमाला, विषय वस्तु विशेषज्ञ श्री दीपक कुमार कुशवाहा, श्री लल्ला सिंह, श्री धर्मेंद्र प्रताप सिंह , श्री अनिल कुमार सहित विद्युत विभाग, पशुपालन, दुग्ध उत्पादन, लघु सिंचाई, नलकूप के विभागीय अधिकारी व बड़ी संख्या में किसान एवं विभागीय कर्मचारी उपस्थित रहे।
————————————
जिला सूचना कार्यालय द्वारा प्रसारित।