• Sun. Nov 1st, 2026

BKT News24

Hindi news, हिंदी न्यूज़ , Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, Breaking News in Hindi, ताजा ख़बरें, BKT News24

जनपद में भारतरत्न, लौहपुरूष सरदार बल्लभभाई पटेल की जयन्ती धूमधाम से मनायी गयी

ByBKT News24

Oct 31, 2026

जनपद में भारतरत्न, लौहपुरूष सरदार बल्लभभाई पटेल की जयन्ती धूमधाम से मनायी गयी

** जिलाधिकारी ने ‘’राष्ट्रीय एकता दिवस’’ के अवसर पर कलेक्ट्रेट में राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता की दिलायी शपथ

राष्ट्रीय एकता के सूत्रधार भारतरत्न, लौहपुरूष सरदार बल्लभभाई पटेल की 151वीं जयन्ती जनपद में उत्साह, उमंग एवं हर्षोल्लास के साथ मनाई गयी। इस अवसर पर कलेक्ट्रेट में जिलाधिकारी श्री गौरांग राठी ने सरदार बल्लभभाई पटेल जी के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए।
जिलाधिकारी ने सरदार बल्लभभाई पटेल के जन्म दिवस को ‘‘राष्ट्रीय एकता दिवस’’ के रूप में मनाए जाने के अवसर पर उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं अन्य सम्भ्रान्त नागरिकों को शपथ दिलाते हुए कहा ‘‘मैं सत्य निष्ठा से शपथ लेता हूं कि मैं राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा को बनाए रखने के लिए स्वंय को समर्पित करुंगा और अपने देशवासियों के बीच यह संदेश फैलाने का भी भरसक प्रयत्न करूंगा। मैं यह शपथ अपने देश की एकता की भावना से ले रहा हूं, जिसे सरदार वल्लभ भाई पटेल की दूरदर्शिता एवं कार्यों द्वारा संभव बनाया जा सका है। मैं अपने देश की आंतरिक सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए अपना योगदान करने की भी सत्य निष्ठा से संकल्प लेता हूॅं।
उन्होंने अपने उद्बोधन में कहा कि आजाद भारत के पहले उप प्रधानमंत्री और गृह मंत्री सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती को राष्ट्रीय एकता दिवस के तौर पर मनाया जाता है। हर साल 31 अक्तूबर के दिन राष्ट्रीय एकता दिवस मनाते हैं और सरदार पटेल को याद करते हैं। देश की आजादी में सरदार पटेल ने खास योगदान दिया।
उन्होंने बताया कि स्वतंत्रता के बाद छोटी-बड़ी रियासतों को जोड़कर भारत के अधीन लाने का पूरा श्रेय सरदार पटेल को जाता है। जब देश आजाद हुआ तो छोटी-छोटी रियासतों में बंटा था। सभी रियासतों का विलय करना आसान नहीं था। सरदार पटेल ने इस चुनौती का सामना किया और अपनी बुद्धि व अनुभव का इस्तेमाल करते हुए सभी को एकता के सूत्र में पिरोया। उनके इसी योगदान के कारण सरदार पटेल की जयंती को एकता दिवस के तौर पर मनाते हैं। सरदार वल्लभ भाई पटेल के विचार लाखों युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
इस मौके पर अपर जिलाधिकारी (वि/रा) श्रीमती पल्लवी मिश्रा, अपर जिलाधिकारी (नमामि गंगे) श्री योगेन्द्र कुमार , अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) श्री संजय चावला, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) श्री अरुण कुमार गौड़, नगर मजिस्ट्रेट श्री योगेश चौहान सहित कलेक्ट्रेट परिवार के अन्य सदस्यों ने भी भारतरत्न, लौहपुरूष सरदार बल्लभभाई पटेल जी के चित्र पर माल्यार्पण कर पुष्प अर्पित किया।
जिलाधिकारी द्वारा दिये गये निर्देश के क्रम में प्राइमरी विद्यालयों के छात्रों द्वारा अपने-अपने क्षेत्र में प्रभातफेरी का आयोजन किया गया,लौह पुरुष सरदार पटेल के जीवन राष्ट्रीय एकता एवं अखण्डता दिवस पर समस्त विद्यालयों के छात्रों के “स्लोगन” का संकलन- कर स्टेडियम में प्रदर्शन हेतु रखा गया।
इसी क्रम में सूचना विभाग द्वारा राष्ट्रीय एकता एवं अखण्डता विषयक प्रदर्शिनी एंव सरदार बल्लभ भाई पटेल के जीवन पर विचार गोष्ठी एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन हुआ, वृद्ध एवं कुष्ठ आश्रम में मुख्य विकास अधिकारी द्वारा भोजन वितरण कार्यक्रम किया गया।
इसके साथ ही जनपद के विभिन्न विभागों तथा सभी तहसीलों में सम्बन्धित उपजिलाधिकारी/तहसीलदार द्वारा लौह पुरूष सरदार बल्लभभाई पटेल जी की जयन्ती का आयोजन किया गया।
______________________

जिला सूचना कार्यालय द्वारा प्रसारित।