झाँसी के विकास को मिली नई पहचान, भव्यता के साथ अरबन हाट का सॉफ्ट लॉन्च सम्पन्न*
*स्थानीय कला, हस्तशिल्प, उद्यमिता, खानपान और मनोरंजन का बनेगा अनूठा संगम*
*पर्यटन और मनोरंजन का नया केंद्र बनेगा अरबन हाट*
——————
झाँसी। बुंदेलखंड की ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक विरासत को आधुनिक स्वरूप प्रदान करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल के रूप में Urban Haat, झाँसी का भव्य सॉफ्ट लॉन्च समारोह सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि मंडलायुक्त श्री बिमल कुमार दुबे ने किया।
*पर्यटन और मनोरंजन का नया केंद्र बनेगा Urban Haat*
झाँसी स्मार्ट सिटी एवं झाँसी विकास प्राधिकरण के संयुक्त प्रयासों से विकसित Urban Haat को शहर के एक बहुआयामी केंद्र के रूप में तैयार किया गया है, जहाँ संस्कृति, व्यापार, खानपान और मनोरंजन का एक साथ अनुभव किया जा सकेगा। परिसर में आकर्षक रेस्टोरेंट, बेकरी, पंजाबी ढाबा एवं विभिन्न प्रकार के व्यंजनों के साथ ओपन एयर थिएटर और ऑडिटोरियम जैसी सुविधाएँ विकसित की गई हैं। बच्चों एवं युवाओं के लिए मनोरंजन क्षेत्र में गो-कार्टिंग, बंजी जंपिंग सहित विभिन्न गतिविधियाँ आकर्षण का केंद्र रहेंगी।
*स्थानीय कला एवं स्टार्टअप्स को मिलेगा नया मंच*
Urban Haat में बुंदेलखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, पारंपरिक हस्तशिल्प, स्थानीय उत्पादों एवं क्षेत्रीय प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने का विशेष प्रयास किया जा रहा है। इसी क्रम में RISE Incubation Centre, झाँसी से जुड़े उत्पाद आधारित स्टार्टअप्स को मंडलायुक्त एवं जिलाधिकारी के मार्गदर्शन एवं पहल पर प्रारंभिक चरण में निःशुल्क दुकानें आवंटित की गई हैं। इससे स्थानीय नवाचार, युवा उद्यमियों एवं स्टार्टअप्स को अपने उत्पादों के प्रदर्शन, बाजार से जुड़ने तथा व्यवसाय विस्तार का अवसर मिलेगा।
आगामी समय में बुंदेलखंड के विभिन्न जनपदों की पारंपरिक कलाओं, हस्तशिल्प, स्थानीय उत्पादों एवं सांस्कृतिक विरासत को भी Urban Haat से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।
*विकसित झाँसी की परिकल्पना को मिलेगा बल*
Urban Haat केवल खानपान एवं मनोरंजन का केंद्र नहीं, बल्कि स्थानीय कारीगरों, व्यापारियों, स्टार्टअप्स, कलाकारों एवं उद्यमियों को एक साझा मंच उपलब्ध कराने की परिकल्पना है। इससे शहर में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलने के साथ ही स्थानीय रोजगार, स्वरोजगार एवं आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलने की उम्मीद है।
समारोह में उपस्थित अतिथियों एवं गणमान्य नागरिकों ने Urban Haat को झाँसी की पर्यटन एवं आर्थिक गतिविधियों के विस्तार से जोड़ने वाली महत्वपूर्ण पहल बताया। विश्वास व्यक्त किया गया कि आने वाले समय में यह परिसर शहरवासियों के साथ-साथ झाँसी आने वाले पर्यटकों के लिए भी प्रमुख आकर्षण का केंद्र बनेगा।Urban Haat — जहाँ बुंदेलखंड की विरासत, आधुनिकता, उद्यमिता और मनोरंजन का होगा अनूठा संगम।
इस अवसर पर झाँसी परिक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक श्री आकाश कुलहरी, जिलाधिकारी श्री गौरांग राठी, उपाध्यक्ष झाँसी विकास प्राधिकरण श्री हिमांशु गौतम, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक झाँसी सहित पुलिस अधीक्षक ललितपुर एवं जालौन तथा स्मार्ट सिटी राइज के निदेशक श्री अमित सिंह की गरिमामयी उपस्थिति रही। अतिथियों का स्वागत श्री इंद्रजीत सिंह द्वारा किया गया।
समारोह में झाँसी विकास प्राधिकरण की टीम, बुंदेलखंड चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के अध्यक्ष श्री धीरज खुल्लर, रोटरी अध्यक्ष श्री अतुल अग्रवाल सहित शहर के अनेक गणमान्य नागरिकों, उद्यमियों एवं प्रबुद्धजनों ने सहभागिता की।
—————-
सूचना विभाग झांसी द्वारा प्रसारित।

