• Fri. Nov 27th, 2026

BKT News24

Hindi news, हिंदी न्यूज़ , Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, Breaking News in Hindi, ताजा ख़बरें, BKT News24

स्वगणना का प्रमुख लाभ नागरिक अपनी सुविधानुसार निर्धारित समय में स्वयं जानकारी दर्ज कर सकते हैं:-जिला गणना अधिकारी

ByBKT News24

Nov 27, 2026

स्वगणना का प्रमुख लाभ नागरिक अपनी सुविधानुसार निर्धारित समय में स्वयं जानकारी दर्ज कर सकते हैं:-जिला गणना अधिकारी

** स्व-गणना प्रत्येक नागरिक को राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया से सीधे जोड़ती है:- जिला गणना अधिकारी

** स्व-गणना केवल जनगणना की एक प्रक्रिया नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की राष्ट्रीय विकास में सहभागिता का महत्वपूर्ण माध्यम है:- जिला गणना अधिकारी
—————-
झांसी: स्व-गणना यानी खुद का हिस्सा किताब रखना,अपनी स्थिति, संसाधन, काम और जरूरतों का ईमानदारी से आंकलन करना। यह आदत व्यक्ति को भी मजबूत करती है और देश को भी। स्व-गणना सिर्फ गिनती नहीं है यह आत्म जागरूकता है, व्यक्ति सुधरेगा तो परिवार सुधरेगा,परिवार सुधरेगा तो समाज और समाज सुधरेगा तो राष्ट्र.
जिला गणना अधिकारी/ एडीएम वित्त एवं राजस्व श्रीमती पल्लवी मिश्रा की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट परिसर में स्व-गणना अभियान को लेकर जागरूकता बैठक आयोजित हुई, जिसमें जनपदवासियों से 30 नवंबर तक स्व-गणना करने का आह्वान किया गया।
कलेक्ट्रेट नवीन सभागार में जिला गणना अधिकारी/अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व की अध्यक्षता में स्व-गणना अभियान को लेकर जागरूकता बैठक आयोजित हुई। इस अवसर पर कलेक्ट्रेट के समस्त कर्मचारियों एवं उनके सहयोगियों सहित स्टाफ की उपस्थिति में 30 नवम्बर 2026 तक स्व-गणना पूर्ण करने का आह्वान किया गया। एडीएम ने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि स्व-गणना अभियान में प्रत्येक व्यक्ति की सहभागिता महत्वपूर्ण है। सभी कर्मचारी स्वयं तथा अपने परिवार के सदस्यों की स्व-गणना निर्धारित तिथि तक अनिवार्य रूप से पूर्ण करें और अपने आसपास के लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करें।
उन्होंने आमजन से अपील करते हुए कहा कि 30 नवम्बर 2026 तक स्वयं और अपने परिवार के सभी सदस्यों की स्व-गणना अवश्य कर लें। स्वयं स्व-गणना करने से पूछे गए प्रश्नों के उत्तर सही, सटीक एवं तथ्यपरक दर्ज किए जा सकेंगे। इससे गणना की प्रक्रिया अधिक सहज, सुगम और त्रुटिरहित बनाने में मदद मिलेगी। उन्होंने बताया कि 30 नवम्बर के बाद प्रगणक घर-घर पहुंचकर निर्धारित 40 प्रश्नों के माध्यम से संबंधित जानकारी प्राप्त करेंगे। इस दौरान सभी नागरिकों से अनुरोध है कि प्रगणकों को प्रत्येक प्रश्न का सही एवं पूर्ण उत्तर दें, ताकि गणना का कार्य शुद्धता के साथ तथा शासन के निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप संपन्न कराया जा सके।
उन्होंने विशेष रूप से स्व-गणना में महिलाओं की अधिकाधिक सहभागिता सुनिश्चित करने पर जोर दिया। कहा कि परिवार की जानकारी के सही संकलन में महिलाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। इसलिए महिलाओं को स्व-गणना के प्रति जागरूक कर उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाए। एडीएम ने कहा कि स्व-गणना केवल एक औपचारिक प्रक्रिया नहीं, बल्कि सही आंकड़ों के संकलन और प्रभावी प्रशासनिक नियोजन की महत्वपूर्ण कड़ी है। सभी नागरिक निर्धारित समयसीमा का पालन करते हुए इस अभियान में सहयोग करें और गणना को सफल बनाने में अपनी जिम्मेदारी निभाएं।
जिला गणना अधिकारी/ एडीएम वित्त एवं राजस्व ने सभी अधिकारियों, कर्मचारियों एवं आमजन से अपील की कि वे 30 नवंबर तक स्व-गणना पूर्ण करें, परिवार के प्रत्येक सदस्य की सही जानकारी दर्ज करें तथा दूसरों को भी स्व-गणना के लिए प्रेरित कर अभियान को सफल बनाएं।
इस मौके पर मास्टर ट्रेनर श्री सौरभ श्रीवास्तव, ई डिस्ट्रिक्ट मैनेजर श्री आकाश रंजन, नाजिर सदर श्री प्रमोद कुमार, श्रीमती प्रीति वर्मा सहित विभिन्न पटल के संबंधित कर्मचारी अधिकारी उपस्थित रहे।
—————————————
जिला सूचना कार्यालय द्वारा प्रसारित