गेहूं खरीद पर किसानों से 100 रुपये प्रति क्विंटल वसूलने वाले क्रय केंद्रों की होगी जांच:- सीडीओ
** मनरेगा अंतर्गत कार्य कराए बिना धनराशि निकालने वाली ग्राम पंचायतों की होगी जांच, दोषियों पर होगी कार्रवाई
** फार्मर रजिस्ट्री नहीं कराने वाले कृषकों को नहीं मिलेगी खाद :- सीडीओ
** जनपद में हजारों कृषकों ने नहीं कराई फार्मर रजिस्ट्री, फार्मर रजिस्ट्री नहीं कराने पर नहीं मिलेगा योजनाओं का लाभ:- सीडीओ
** फार्मर रजिस्ट्री होने पर गेहूं क्रय केंद्र पर खरीदी जाएगी फसल,नहीं देने होंगे अन्य कागजात
** जनपद में क्रय केंद्रों पर खरीदा गया 9076.25 मैट्रिक टन गेहूं, 1364 किसानों को किया 17 करोड़ से अधिक का भुगतान
** आग लगने की आपातकालीन स्थिति में सहायता के लिए 101 या 112 (यूपी-112) करें डायल,यह टोल-फ्री नंबर हैं जो चौबीसों घंटे (24/7) काम करते हैं:- सीडीओ
विकास भवन सभागार में किसान दिवस का आयोजन मुख्य विकास अधिकारी श्री जुनैद अहमद की अध्यक्षता में आयोजित हुआ।
उन्होंने किसान दिवस की अध्यक्षता करते हुए कहा कि किसान दिवस बेहद संवेदनशील एवं अति महत्वपूर्ण है। उन्होंने उपस्थित किसानों के मध्य कहा कि किसान इस अवसर पर अधिक से अधिक खेती किसानी में आ रहीं समस्याओं को उठाएं ताकि किसान दिवस की सार्थकता सिद्ध हो सके।
माह के तीसरे बुधवार को आयोजित किसान दिवस पर विशेष रूप से उपाध्यक्ष जनपद सिंचाई बंधु, श्री मनमोहन सिंह ने भी प्रतिभाग किया और डीबीटी,नहर सफाई तथा अवैध कब्जे के संबंध में विभागीय अधिकारियों से जानकारी ली।
मुख्य विकास अधिकारी श्री जुनैद अहमद ने उपस्थित विभिन्न विभागीय अधिकारियों से कहा कि किसान दिवस में प्राप्त किसानों द्वारा दी गई शिकायतों को समय से संबंधित विभागों को सुपुर्द कर दिया जाए ताकि समस्याओं का समय से निस्तारण किया जा सके। उन्होंने खेती किसानी के लिए बेहतर वातावरण उपलब्ध कराना और समस्याओं को संवेदनशील होकर तत्काल निस्तारण किया जाना सभी की नैतिक जिम्मेदारी है। इसके अतिरिक्त उन्होंने सभी विभागों को आपसी सामंजस्य बनाते हुए किसानों को अधिक से अधिक योजनाओं की जानकारी देते हुए खेती को कैसे लाभदायक बनाया जाय, उनके उत्पादन को कैसे बढ़ाया जाए, कैसे उन्हें उनकी उपज का बेहतर दाम दिलाया जा सके पर फोकस किए जाने के निर्देश दिए।
किसान दिवस की अध्यक्षता करते हुए मुख्य विकास अधिकारी श्री जुनैद अहमद ने बताया कि जनपद में अभी भी हजारों कृषक ऐसे हैं जिन्होंने अभी तक फार्मर रजिस्ट्री नहीं कराई है। उन्होंने कहा कि फार्मर रजिस्ट्री नहीं कराने वाले किसान प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि से भी वंचित तो होगें साथ ही उन्हें खाद एवं अन्य योजनाओं के लाभ भी वंचित रहना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि फार्मर रजिस्ट्री की जिम्मेदारी कृषि विभाग की है, इसलिए जल्द से जल्द जनपद के समस्त कृषकों की फार्मर रजिस्ट्री तैयार कराने के उद्देश्य से जनपद में संचालित समस्त गेहूं क्रय केंद्रों पर फार्मर रजिस्ट्री का विशेष कैंप लगाया जा रहा है,किसान मौके का फायदा उठाते हुए फार्मर रजिस्ट्री कराना सुनिश्चित करें। इसके अतिरिक्त उन्होंने विभिन्न विभागों को दायित्व निर्धारित किए। फ़ॉर्मर रजिस्ट्री के कार्य में जिला कार्यक्रम विभाग, मत्स्य विभाग, लघु सिंचाई विभाग, आपूर्ति विभाग सहित अन्य विभाग जो सीधे किसानों से जुड़े हुए हैं। सभी को प्रत्येक दशा में क्षेत्र में फार्मर रजिस्ट्री तैयार किए जाने के निर्देश दिए गए हैं।
किसान दिवस की बैठक में किसान प्रतिनिधियों द्वारा गेहूँ क्रय केंद्रों पर किसानों से 100 रुपया प्रति क्विंटल अतिरिक्त वसूले जाने की शिकायत पर मुख्य विकास अधिकारी ने तत्काल जांच के आदेश दिए। उन्होंने तैनात समस्त नोडल अधिकारियों को ताकीद करते हुए कहा कि केंद्रों का भ्रमण कर सभी व्यवस्थाओं को सुनिश्चित किया जाए।
इसी क्रम में किसानों द्वारा बताया गया कि कई ग्राम पंचायतें जहां मनरेगा की धनराशि कार्य हेतु निकाली गई परंतु कोई कार्य नहीं कराया गया, इसे मुख्य विकास अधिकारी श्री जुनैद अहमद ने गंभीरता से लेते हुए जांच के आदेश दिए और कहा कि जांच में दोषी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
किसान बैठक में खाद्य विपणन अधिकारी कार्यालय से श्री आशीष बाजपेयी ने रवि क्रय वर्ष 2026-27 के अंतर्गत गेहूं क्रय की जानकारी देते हुए बताया कि जनपद में अब तक 1364 कृषकों से 9076 मैट्रिक टन गेहूं खरीद खरीद की गई, कृषकों को 23.64 करोड़ के सापेक्ष लगभग 17 करोड़ से अधिक का भुगतान किया जा चुका है। शेष कृषकों का भुगतान जल्द ही उनके खातों में हस्तांतरित किया जाएगा।
इस अवसर पर किसान नेता श्री कमलेश लंबरदार,श्री राजेश कुमार बिरगुंआ, श्री सुनील रिछारिया, श्री सुरेंद्र पुरातिनी, श्री महेंद्र शर्मा सहित अन्य किसानों ने भी अपनी समस्याओं को रखा और अधिकारियों से समय से उनका निस्तारण कराए जाने की मांग की।
आयोजित किसान दिवस का संचालन उप कृषि निदेशक श्री एमपी सिंह ने किया।बैठक में विषय वस्तु विशेषज्ञ श्री दीपक कुशवाहा, श्री धर्मेन्द्र प्रताप सिंह, जिला कृषि अधिकारी सहित लघु सिंचाई,उद्यान विभाग, पशुपालन विभाग व अन्य विभागीय अधिकारी तथा किसान गण उपस्थित रहें।
————————————-
जिला सूचना कार्यालय द्वारा प्रसारित

