प्रभारी मंत्री ने कराया ग्राम पंचायत सिमरावारी एवं नगर निगम के बीच एमओयू, ग्राम पंचायत से निकलने वाले कूड़े का बिजौली सेंटर में होगा निस्तारण
** जनपद के विकास में जिलाधिकारी द्वारा की जा रही अभिनव पहल पर की प्रसन्नता व्यक्त, किया प्रोत्साहित
मंत्री, पर्यटन एवं संस्कृति विभाग ने झांसी महोत्सव के लिए स्वीकृत की ₹ 50 लाख रुपये की धनराशि
मंत्री पर्यटन एवं संस्कृति विभाग उत्तर प्रदेश शासन की अध्यक्षता में जनपद स्तरीय विकास परियोजनाओं की समीक्षा बैठक संपन्न
जनपद में सेवा संकल्प अभियान के तहत प्रत्येक विधानसभा में होंगे लखनऊ से आ रहे कलाकारों द्वारा कार्यक्रम:- प्रभारी मंत्री
** जनप्रतिनिधियों द्वारा विद्युत विभाग की शिकायतों पर विभागीय अधिकारियों को आचरण सुधारते हुए जनहित में कार्य करने के दिए निर्देश
** जनपद में जल्द से जल्द चलाया जाए गड्ढा मुक्त सड़क अभियान, अधिकारी संवेदनशील होकर कार्य करें :- प्रभारी मंत्री
** पर्यटन की सभी निर्माणाधीन परियोजनाएं जल्द से जल्द पूर्ण करते हुए आमजन को लाभान्वित करें:- प्रभारी मंत्री
** जिला स्तरीय अधिकारी सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी जनप्रतिनिधियों से साझा करें:- प्रभारी मंत्री
झांसी। मंत्री, पर्यटन एवं संस्कृति विभाग, उत्तर प्रदेश शासन जयवीर सिंह की अध्यक्षता में जनपद स्तरीय अधिकारियों के साथ शासन द्वारा संचालित महत्वपूर्ण योजनाओं की प्रगति समीक्षा सहित झाँसी में कोर कमेटी एवं जिला प्रशासनिक समन्वय समिति की आवश्यक बैठक कलेक्ट्रेट नवीन सभागार में आयोजित की गई।
बैठक में विभिन्न विभागों में संचालित योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए माननीय मंत्री जी ने कहा कि योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए। ग्रामीण क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति को लेकर उन्होंने उपस्थित विभागीय अधिकारियों से आपसी सामंजस्य बनाते हुए कार्यप्रणाली में सुधार लाने का सुझाव दिया ताकि ग्रामीण जनता को राहत मिल सके। उन्होंने विभिन्न विभागों के नए कार्य/ जीर्णोद्धार कार्यों का शिलान्यास/ उद्घाटन जन प्रतिनिधियों को आमंत्रित कर उनसे कराए जाने के भी निर्देश दिए ताकि किए जा रहे कार्यों की जानकारी आम जनता तक पहुंचाई जा सके।
समीक्षा बैठक में मंत्री पर्यटन एवं संस्कृति विभाग उ0प्र0 ने जिलाधिकारी गौरांग राठी द्वारा जनपद में अभिनव पहल के तहत जनप्रतिनिधियों के प्राप्त प्रस्तावों पर डीएमएफ से लगभग 22 करोड़ से किए जाने वाले सड़क शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक कार्य पर प्रसन्नता व्यक्त की, उन्होंने अभिनव पहल में मॉडल कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय जिसमें स्टूडियो एवं कोचिंग की व्यवस्था स्पोर्ट्स हब, सीडीओ द्वारा संवाद कार्यक्रम, रेन वॉटर हार्वेस्टिंग, डिजिटल लैब, एआई आधारित के निर्माण, के अतिरिक्त खेलकूद एवं डिजिटल लाइब्रेरी, जिसमें विद्यालय में बच्चों को खेल के प्रति प्रोत्साहन हेतु 02 हजार रुपये की राशि तथा उत्कृष्ट खिलाड़ियों को 11हज़ार एकमुश्त ग्रांट दी जा रही है, पर किए जा रहे अभिनव पहल की प्रशंसा की।
अभिनव पहल के अंतर्गत आज मा0 प्रभारी मंत्री जी के समक्ष ग्राम पंचायत सिमरावरी और नगर निगम के बीच एमओयू हुआ, जिसमें नगर निगम द्वारा ग्राम पंचायत सिमरावारी से निकलने वाले कूड़े को निस्तारण हेतु बिजौली सेंटर भेजा जाएगा। इसी अभिनव पहल में जनपद की ग्राम पंचायतों में नवाचार, आंगनवाड़ी में नवाचार, स्कूलों में नवाचार एवं खेलकूद व डिजिटल लाइब्रेरी का भी कॉल किया जाये जिस पर उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए ऐसे कार्यों के लिए अन्य अधिकारियों को भी प्रोत्साहित किया।
मा0 प्रभारी मंत्री ने बैठक में कहा कि जनपद में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक आयोजित होने वाले सेवा संकल्प अभियान बृहद रूप से आयोजित किए जाएं। उन्होंने बताया कि इस दौरान प्रत्येक विधानसभा में लखनऊ से आ रहे कलाकारों द्वारा कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे। जनपद में कुल 27 कार्यक्रम होंगे जिसकी शासन द्वारा व्यवस्थाएं की जाएंगी, कार्यक्रम को भव्यता प्रदान करने के लिए अधिक से अधिक लोगों को जोड़ा जाए। उन्होंने सेवा संकल्प अभियान के तहत विद्यालयों में भी कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए। साथ ही कार्यक्रमों में आए बच्चों को सम्मानित किए जाने का भी सुझाव दिया। इस दौरान उन्होंने झांसी महोत्सव के लिए 50 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत करते हुए बताया कि बुन्देलखण्ड में ईको टूरिज्म की असीम संभावनाएं हैं।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए प्रभारी मंत्री ने जनप्रतिनिधियों द्वारा विद्युत विभाग के कार्यों की एवं उच्च अधिकारियों द्वारा समस्याओं का निराकरण न करने की शिकायत पर विद्युत विभाग के अधिकारियों को आचरण सुधारे जाने के निर्देश देते हुए समय से निस्तारण करने के निर्देश दिए। जनप्रतिनिधियों द्वारा ग्रामीण क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति को लेकर नाराजगी व्यक्त की। माननीय प्रभारी मंत्री जी ने निर्देश दिए कि विद्युत आपूर्ति निर्बाध रूप से सुनिश्चित की जाए। बैठक में पर्यटन विभाग की परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए मा0 प्रभारी मंत्री जी द्वारा निदेशक राजकीय संग्रहालय डॉ0 मनोज गौतम को भी फटकार लगाते हुए अपना आचरण और कार्यशैली सुधारे जाने के निर्देश दिए।
बैठक में मा0 प्रभारी मंत्री ने शासन द्वारा संचालित विभिन्न लाभकारी योजनाओं की समीक्षा करते हुए प्रधानमंत्री आवास योजना एवं मुख्यमंत्री आवास योजना ग्रामीण में यदि कोई आवास विहीन है, उसका आवेदन लेते हुए जांच कराएं और पात्र पाए जाने पर वही आवास स्वीकृत करें, उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि यदि व्यक्ति पात्र रहे और सूची में नाम न हो तो उसे भी आवास का लाभ दिया जाना सुनिश्चित किया जाए।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए मा0 प्रभारी मंत्री जी ने कहा की प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी द्वारा स्पष्ट निर्देश हैं कि अस्पतालों में सारी व्यवस्थाएँ चाक चौबंद रहे ताकि गरीब व्यक्ति को सुविधाजनक इलाज मिल सके। उन्होंने निर्देश दिए की मेडिकल कॉलेज सहित जनपद की सभी सीएचसी/पीएचसी में तैनात डॉ0 के नाम, उनका मोबाइल नंबर और वह किस बीमारी के विशेषज्ञ हैं, के अतिरिक्त उनके मरीज देखने का समय साइन बोर्ड पर चस्पा किया जाए ताकि लोगों को जानकारी मिल सके। उन्होंने मेडिकल कॉलेज के औचक निरीक्षण की जानकारी देते हुए वहाँ प्राप्त शिकायतों के निस्तारण की अधिकारियों से जानकारी ली।
बैठक का संचालन करते हुए मुख्य विकास अधिकारी श्री रामेश्वर सुधाकर सब्बनवाड ने दिनांक 01 अगस्त 2026 को आयोजित समीक्षा बैठक का कार्यव्रत की अनुपालन आख्या प्रस्तुत की जिस पर माननीय प्रभारी मंत्री द्वारा की गई कार्यवाही पर संतोष व्यक्त किया गया। आज की बैठक में प्रत्येक विभाग की एक-एक परियोजना के विषय में जानकारी दी।
बैठक से पूर्व मा0 प्रभारी मंत्री श्री जयवीर सिंह माननीय मंत्री, पर्यटन एवं सांस्कृतिक विभाग, उत्तर प्रदेश ने सर्किट हाउस में कोर कमेटी की बैठक ली। बैठक में समस्त जनप्रतिनिधियों द्वारा जनपद के विकास और योजनाओं के क्रियान्वयन पर विस्तृत चर्चा की गई।
समीक्षा बैठक में मेयर श्री बिहारी लाल आर्य,महानगर अध्यक्ष श्री सुधीर सिंह, जिलाध्यक्ष प्रदीप पटेल, विधायक बबीना श्री राजीव सिंह परीछा, विधायक मऊरानीपुर डॉ रश्मि आर्य, विधायक गरौठा श्री जवाहर लाल राजपूत,सदस्य विधान परिषद श्रीमती रमा निरंजन, सदस्य विधान परिषद श्रीरामतीर्थ सिंघल,सदस्य विधान परिषद डॉ0 बाबूलाल तिवारी, जिलाधिकारी श्री गौरांग राठी , वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री विकास कुमार, उपाध्यक्ष जेडीए श्री हिमांशु गौतम, नगर आयुक्त श्री ए सूदन, डीएफओ श्री विकास यादव, सीएमओ डाॅ0 शिशिर पुरी,अपर जिलाधिकारी प्रशासन श्री शिव प्रताप शुक्ल, अपर जिलाधिकारी वित्तम राजस्व श्रीमती पल्लवी मिश्रा, डीडीओ राजेश कुमार, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण दीपांकर चौधरी, क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी डीके शर्मा, सहायक निदेशक सूचना सुरजीत सिंह, डीएसटीओ डॉ0 अर्चना सिंह, सहित अन्य विभागों के अधिकारीगण उपस्थित रहे।

