• Thu. Jun 25th, 2026

BKT News24

Hindi news, हिंदी न्यूज़ , Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, Breaking News in Hindi, ताजा ख़बरें, BKT News24

मुख्यमंत्री कृषक उपहार योजना में 285 कृषकों को मिले उपहार, खिले चेहरे

ByBKT News24

May 30, 2026

मुख्यमंत्री कृषक उपहार योजना में 285 कृषकों को मिले उपहार, खिले चेहरे

** उपहारों में कृषकों को मिले पंम्पिंग सेट,स्मार्ट टीवी,मिक्सर ग्राइंडर सहित अन्य कृषियंत्र

** सांसद श्री अनुराग शर्मा ने किसानों को दी शुभकामनाएं

जनपद झाँसी में मुख्यमंत्री कृषक उपहार योजना के तहत 285 किसानों को विभिन्न पुरस्कारों से सम्मानित किया गया। यह कार्यक्रम नवीन गल्ला मण्डी परिसर तालपुरा झांसी में आयोजित किया गया, जहाँ सांसद झांसी ललितपुर श्री अनुराग शर्मा ने लाभार्थी किसानों को पुरस्कार वितरित किए।
सांसद झांसी-ललितपुर श्री अनुराग शर्मा ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार किसानों को आत्मनिर्भर और खुशहाल बनाने के लिए लगातार योजनाएं चला रही है। उन्होंने जोर दिया कि ऐसे प्रोत्साहन से किसानों का उत्साह बढ़ता है और वे आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाने के लिए प्रेरित होते हैं।
सांसद झांसी ललितपुर, श्री अनुराग शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य किसानों को प्रोत्साहित करना और कृषि क्षेत्र में उनके योगदान को सम्मानित करना है। योजना के तहत दिए गए इनामों से किसानों में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार होगा।
कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी श्री रामेश्वर सुधाकर सब्बनवाड ने “मुख्यमंत्री कृषक उपहार योजना” की जानकारी देते हुए बताया कि कृषि उत्पादन मण्डी अधिनियम, 1964 की धारा-19 के अन्तर्गत मण्डी समिति की निधि एवं उसका उपयोग की व्यवस्था तथा अधिनियम की धारा-26 एम के अन्तर्गत राज्य सरकार द्वारा नियत की जाने वाली योजनाओं के प्राविधानान्तर्गत वर्तमान में मण्डी आवक किसान उपहार योजना संचालित है। इस योजना के अन्तर्गत कृषक उत्पादकों की सहभागिता बढ़ाये जाने के लिए नवीन मण्डी स्थलों में कृषि उपज का विकय करने की दशा में प्रवेश पर्ची एवं प्रपत्र संख्या-6 के आधार पर कृषकों को रू0 5,000.00 मूल्य पर ईनामी कूपन निर्गत कर मासिक, त्रैमासिक एवं छः माही ड्रा द्वारा उपहार दिये जाने की व्यवस्था लागू है।
उन्होंने कहा कि नवीन मण्डी स्थलों तक ही इस योजना को लागू किये जाने में यह देखा गया है कि जिन कृषकों द्वारा नवीन मण्डी स्थल के बाहर मण्डी क्षेत्र में व्यापारियों अथवा सरकारी क्रय केन्द्रों पर कृषि उत्पाद विक्रय करते है। ऐसे बड़ी संख्या में कृषक योजना के लाभ से वंचित रह जाते हैं इसलिए अधिकाधिक कृषकों को योजनान्तर्गत जोड़े जाने के उद्देश्य से मण्डी आवक कृषक उपहार योजना का क्षेत्र सम्पूर्ण मण्डी क्षेत्र में निर्दिष्ट कृषि उत्पाद बिकी करने वाले कृषकों को सम्मिलित किया जाना औचित्यपूर्ण है। कृषकों को उपहार देने वाली योजना के अन्तर्गत मासिक ड्रा की व्यवस्था को समाप्त करते हुए त्रैमासिक व छःमाही ड्रा की व्यवस्था को बनाये रखते हुए वर्तमान में प्रभावी योजना के स्थान पर “मुख्यमंत्री कृषक उपहार योजना” को लागू किया।
कार्यक्रम विषयक जानकारी देते हुए सचिव मंडी श्री बबलू कुमार ने बताया कि आज मण्डी परिषद उ०प्र० द्वारा संचालित योजना मुख्यमंत्री कृषक उपहार योजना के अन्तर्गत दिनाँक 16 मार्च 2023 एवं 25 नवम्बर 2025 में कराये गये लकी ड्रा में चयनित किसान भाइयों को माननीय सांसद झांसी-ललितपुर श्री अनुराग शर्मा जी, मा० विधायक गरौठा श्री जवाहरलाल राजपूत, मा० विधान परिषद सदस्य श्रीरामतीर्थ सिंघल के कर-कमलों से सम्बन्धित किसान भाइयों को उपहार वितरण किये गये।
मुख्यमंत्री कृषक उपहार क्या है और हमारे किसान भाई इसका कैसे लाभ प्राप्त कर सकते हैं- इस योजना के अन्तर्गत मै सभी किसान भाइयों को ये बताना चाहता हूँ कि जो भी किसान भाई अपनी फसलों को मण्डी में या मण्डी समिति के व्यापारी को बिक्री करते है और क्रेता व्यापारी से 6 आर (विक्रेता बाऊचर) प्राप्त करता है। उन किसानों को मण्डी समिति स्तर से प्रति 05 हजार रूपये की बिक्री करने पर एक कूपन निर्गत होता है। मान लीजिए कोई किसान अपनी फसल 01 लाख रूपये की मण्डी के व्यापारियों या सरकारी क्रय केन्द्रों पर बिकी करता है तो उसकों 20 कूपन मण्डी समिति से जारी होते है और उन कूपनों का त्रैमासिक एवं छःमाही लकी ड्रा मण्डलायुक्त की अध्यक्षता में कराया जाता है और लकी ड्रा में चयनित किसान भाइयों को मण्डी परिषद द्वारा निः शुल्क उपहार वितरित किए जाते हैं। आज 285 कृषकों को उपहार स्वरूप – 35 हॉर्स पावर का ट्रेक्टर, पावर टिलर, पावर हार्वेस्टर/रीपर, सोलर पावर पैक संयत्र, टी0वी0 43 इंच, पावर स्प्रेयर, मिक्सर ग्राइण्डर आदि उपकरण उपहार में दिये गये हैं।
कार्यक्रम में उपहार प्राप्त करने वाले कृषकों ने कहा कि सरकार की योजनाओं से किसानों को बिना किसी भेदभाव के लाभ मिल रहा है और उनकी मेहनत का सही फल मिल रहा है। उन्होंने मा0 प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मा0 मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस दौरान कार्यक्रम में जॉइंट मजिस्ट्रेट श्री आयुष सैनी, उपनिदेशक मंडी श्री संजय कुमार सिंह प्रशासन विपणन मंडी परिषद झांसी संभाग सहित विभागीय अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में कृषक और परिजन उपस्थित रहे।
———————————
जिला सूचना कार्यालय द्वारा प्रसारित