जिलाधिकारी की पहल से शुरू हुआ अनोखा कैफे, जहां आप खा सकतें हैं मिलेट्स फास्ट फूड व्यंजन
** स्वाद और सेहत से भरपूर मिलेगी मिलिट्स की आइसक्रीम, डोसा,इटली,मंचुरियन,मोमोज सहित और बहुत कुछ
** शुभारंभ करते जिलाधिकारी ने खुद टेस्ट के व्यंजन, बनाने वाली महिलाओं को किया प्रोत्साहित
आज जिलाधिकारी श्री गौरांग राठी ने उत्तर प्रदेश मिलेट्स पुनरोद्धार कार्यक्रम के अन्तर्गत कृषि भवन प्रांगण में स्वास्थ्यवर्धक श्री अन्न मिलेट्स उत्पाद आमजन को सहजता से उपलब्ध कराने हेतु प्रेरणा मिलेट्स कैफे एण्ड मिलेट्स स्टोर का फीता काटकर शुभारंभ किया।
जिलाधिकारी श्री गौरांग राठी ने प्रेरणा मिलेट्स कैफे एण्ड स्टोर का शुभारंभ करते हुए कहा कि श्री अन्न (मिलेट्स) से बने उत्पाद स्वास्थ्य के लिए सर्वोत्तम है। इसमें फाइबर की मात्रा अधिक होती है जो पाचन क्रिया को बेहद बनाता है और कब्ज की समस्या से राहत दिलाता है। मिलेट्स में फाइबर और प्रोटीन भरपूर मात्रा में होते हैं जो भूख को नियंत्रित करते हैं और वजन कम करने में मदद करते हैं। इसके अतिरिक्त मिलेट्स में ग्लाइसेमिक इंडेक्स कम होता है, जो ब्लड शुगर के स्तर को नियंत्रित करने में मदद करता है। मिलेट्स में कैल्शियम और फास्फोरस जैसे मिनरल होते हैं जो हड्डियों को मजबूत बनाने में मदद करते हैं। मिलेट्स में एंटीआक्सीडेंट और अन्य पोषक तत्व होते हैं जो इम्युनिटी को मजबूत करने में मदद करते हैं। इसमें भरपूर मैग्नीशियम और फाइबर होते हैं जो दिल के स्वास्थ्य के लिए फायदेमंद है। उन्होंने सभी लोगों से अपील करते हुए कहा कि अपने खाने में अधिक से अधिक मोटे अनाजों का प्रयोग करें।
जिलाधिकारी ने कहा कि जिले में खुला यह अनोखा प्रेरणा मिलेट्स कैफे (Millet Cafe) एण्ड स्टोर यह किसी स्टैंडर्ड रेस्तरां से कम नहीं है,लेकिन यहां की सबसे दिलचस्प बात है यहां का मेन्यू. इस कैफे के मेन्यू ऐसी डिशेज है जो न सिर्फ स्वादिष्ट और हटके हैं बल्कि आपकी-हमारी सेहत के लिए भी अच्छी हैं।
जिलाधिकारी श्री गौरांग राठी ने मुख्य विकास अधिकारी, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट के संग कैफे के उत्पाद को स्वयं चखते हुए कहा कि इस कैफे की खासियत है कि यहां पर सभी डिशेज को मोटे अनाजों जैसे बाजरा, रागी आदि से बनाया गया है, जो स्वाद और सेहत से भरपूर है।
प्रेरणा मिलिट्स कैफे एण्ड स्टोर के संचालक श्री पुष्पेंद्र सिंह यादव, निदेशक बुंदेलखंड औषधि एफपीओ का कहना है कि इस कैफे से वे व अन्य सहयोगी न केवल आत्मनिर्भर बनेगें बल्कि लोगों को स्वस्थ भोजन भी उपलब्ध करायगें। उन्होंने बताया कि खाने के शौकीन लोग यहां पर मिलेट्स चीला, दोसा, मिलेट्स मोमोज, मिलेट्स पिज्जा, मिलेट मंचूरियन मिलिट्स इडिली और कोदो बिरयानी जैसे लोकप्रिय व्यंजनों का स्वाद ले सकते हैं। वहीं उन्हें मिलेट आइसक्रीम भी उपलब्ध कराई जाएगी।
प्रेरणा मिलेट्स कैफे एण्ड स्टोर के शुभारंभ के दौरान डॉ0 स्वप्निल मोदी घेवर, श्रीमती ज़ाहिदा मिलिट्स आसक्रीम, श्रीमती अंजू गुप्ता मिलेट्स रसगुल्ला, श्रीमती रिनू शर्मा मिलेट्स की नमकीन, श्रीमती स्वाति मिलिट्स के बिस्कुट, श्री प्रवीण वर्मा मशरूम बिस्कट, व्यंजन बनाने वाली महिलाओं से मिले, उन्होंने स्वाद की तारीफ करते हुए सभी का हौसला अफ़जाई करते हुए प्रोत्साहित किया।
पेड़ा मिलेट्स कैफे एण्ड स्टोर संचालक श्री पुष्पेन्द्र सिंह यादव निदेशक बुंदेलखण्ड औषधि कृषक उत्पादक संगठन ने बताया कि स्टोर में मूंग दाल, अरहर दाल, मसूर दाल, मल्टीग्रीन आटा, कठिया का आटा, बाजरा का आटा, कठिया का दलिया, सरसों कोल्ड प्रेस ऑयल सहित बिस्किट व नमकीन सभी जैविक उत्पाद की बिक्री की जा रही है।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी श्री रामेश्वर सुधाकर सब्बनवाड, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट श्री आयुष सैनी, उप कृषि निदेशक श्री एम पी सिंह, विषय वस्तु विशेषज्ञ श्री दीपक कुशवाहा, श्री लल्ला सिंह, श्री दिनेश कुमार, श्री अनिल कुमार, श्री धर्मेन्द्र प्रताप सिंह, पवन कुमार, कृष यादव, कृतिका सहित जिला कृषि अधिकारी, वह अन्य सामान्य जन कर्मचारी उपस्थित रहे।
————————————–
जिला सूचना कार्यालय द्वारा प्रसारित

