तहसील मऊरानीपुर में स्थापित होगा ट्रामा सेंटर:- मा0 सांसद श्री अनुराग शर्मा
** वीबी-जी राम जी का ग्रामीण क्षेत्र में व्यापक प्रचार-प्रसार कर, जनप्रतिनिधियों को गाइड लाइन की दें जानकारी:- मा0 सांसद श्री अनुराग शर्मा
** पीएम एंव सीएम आवास ग्रामीण/शहरी के लाभार्थियों की सूची सार्वजनिक स्थल पर करें चस्पा:- मा0 सांसद श्री अनुराग शर्मा
** “एक जिला-एक व्यंजन” को सफल बनाने के लिए महिला समूह को करें प्रमोट,जिससे समूह की महिलाएं व्यंजन की शुरुआत कर जीविका चला सके
** झांसी से कानपुर NHAI सिक्स लेन हेतु 21 इन स्थानों पर बनेगें ओवरब्रिज, सूची सर्वे के लिए एनएचएआई को की सुपुर्द
** जनपद में मनरेगा अंतर्गत वित्तीय वर्ष में 4000 श्रमिकों को 100 दिन का रोजगार उपलब्ध कराया गया।
** सरकार की मंशा के अनुरूप कार्य करें अधिकारी, योजनांतर्गत प्राप्त लक्ष्यों की जानकारी जनप्रतिनिधियों को देना सुनिश्चित करें
** एन0एच0 पर छुट्टा गौवंश के कारण हो रही दुर्घटनाओं पर जन प्रतिनिधियों ने उठाए सवाल, गोशालाओं में संरक्षित करने का दिया सुझाव
** अधिकारी योजनाओं की जानकारी जनप्रतिनिधियों को दें ताकि क्षेत्र भ्रमण के दौरान योजनाओं का प्रचार-प्रसार किया जा सके
मा0 श्री अनुराग शर्मा सांसद झाँसी-ललितपुर की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट नवीन सभागार में जिला विकास समन्वय और निगरानी समिति (दिशा) की बैठक सम्पन्न हुई।
मा0 सांसद झाँसी-ललितपुर ने बैठक में उपस्थित अधिकारियों से कहा कि माननीय प्रधानमंत्री का संकल्प सबका साथ-सबका विकास और सबका विश्वास पर आधारित विकास का है, सरकार की मंशा है कि गरीब का कल्याण हो, योजना का लाभ सीधे उसके हाथों में पहुंचे। उन्होंने कहा कि आप अपनी विभागीय योजनाओं की जानकारी तथा योजनांतर्गत प्राप्त लक्ष्य एवं किए जा रहे कार्य जनप्रतिनिधियों से अवश्य साझा करें ताकि कार्यों का सत्यापन किया जा सके और योजनाओं में आ रही समस्याओं को शासन स्तर पर दूर किया जा सके। उन्होंने सुझाव दिया कि जन प्रतिनिधियों से लगातार संवाद बनाएं रखें ताकि योजनाएं अनावश्यक रूप से लंबित न रहें।
बैठक में मा0 सांसद श्री अनुराग शर्मा जी ने उपस्थित अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से अनुरोध किया कि विभागीय योजनाओं का क्षेत्र में ज्यादा से ज्यादा प्रचार-प्रसार किया जाए ताकि अधिक से अधिक पात्र लाभार्थी विभिन्न विभागीय योजना अंतर्गत अपना पंजीकरण करा सके। उन्होंने कहा कि संचालित योजनाओं व लक्ष्य की जानकारी जनप्रतिनिधियों को अवश्य उपलब्ध कराएं ताकि शासन द्वारा दिए गए लक्ष्य की पूर्ति प्रत्येक पात्र व्यक्ति का चयन करते हुए की जा सके और लोगों को योजनाओं का लाभ प्राप्त हो सके। उन्होंने कहा कि पात्र व्यक्ति के चयन की जानकारी समस्त जनप्रतिनिधियों को भी उपलब्ध कराई जाए ताकि भ्रमण के दौरान पात्र व्यक्ति का सत्यापन भी किया जा सके।
मा0 सांसद श्री अनुराग शर्मा झाँसी-ललितपुर की अध्यक्षता में आयोजित दिशा बैठक में 73 एजेंडा बिंदुओं की समीक्षा की गई। बैठक में सर्व प्रथम वीबी-जी राम जी (VB-G RAM G – विकसित भारत गारंटी रोजगार और आजीविका मिशन-2025 एक नई ग्रामीण रोजगार योजना है, जिसने मनरेगा (MGNREGA) की जगह ली। यह 16 दिसंबर, 2025 को लोकसभा में पेश की गई थी और इसे 125 दिनों की गारंटीकृत रोजगार, बेहतर मजदूरी, और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को बढ़ावा देने के लिए पेश किया गया है। यह 21 दिसंबर, 2025 से एक नया कानून बन गया है। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्र में अधिक से अधिक प्रचार प्रसार करने का सुझाव दिया। इसके अतिरिक्त उन्होंने जनपद के समस्त जनप्रतिनिधियों को गाइडलाइन भी उपलब्ध कराए जाने के निर्देश दिए ताकि योजना का अधिक से अधिक लाभ ग्रामीण को मिल सके।
आयोजित जिला विकास समन्वय और निगरानी समिति की बैठक में सांसद झांसी-ललितपुर श्री अनुराग शर्मा ने उ0प्र0 राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन की समीक्षा करते हुए महिला स्वयं सहायता समूह को दुकानों के आवंटन की जानकारी ली और 15 दुकानों के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार करते हुए ब्लाको में निर्मित दुकानों को महिला स्वयं सहायता समूह को दें ताकि उनकी आजीविका में सुधार हो सके। इसके साथ ही उन्होंने मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी की घोषणा के तहत “एक जिला एक व्यंजन” को सफल बनाने के लिए समूह द्वारा एक व्यंजन की शुरुआत के लिए प्रमोट करें ताकि उनकी आजीविका में बढ़ोतरी हो सके।
आयोजित बैठक में मा0 सांसद श्री अनुराग शर्मा ने प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि आवास के लाभार्थियों की सूची सार्वजनिक स्थलों पर चस्पा की जाए ताकि आपात्र की जानकारी मिल सके। इसके साथ ही यह भी जानकारी दी जाए कि योजना अंतर्गत किसी को कोई पैसा नहीं दिया जाना है। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी की जानकारी लेते हुए 18368 लंबित आवेदनों को प्राथमिकता से लेते हुए जल्द से जल्द जांच किए जाने के निर्देश दिए।
दिशा बैठक में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन की समीक्षा के दौरान मा0 सांसद झांसी-ललितपुर, श्री अनुराग शर्मा ने मऊरानीपुर तहसील में ट्रामा सेंटर की स्थापना हेतु मांग करते हुए भूमि चिन्हित करने का सुझाव दिया ताकि दुर्घटनाग्रस्त लोगों को तत्काल उपचारित करते हुए उनके जीवन को बचाया जा सके। उन्होंने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में गंदगी और प्राइवेट एंबुलेंस द्वारा मरीजों को बाहर ले जाने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए सुधार लाए जाने के निर्देश दिए। बैठक में उन्होंने अस्पतालों में आयुष्मान कार्ड के अंतर्गत होने वाले सभी इलाज की जानकारी दिए जाने का सुझाव दिया, ताकि तीमारदार को कोई समस्या न हो।
दिशा बैठक की अध्यक्षता करते हुए मा0 सांसद झांसी-ललितपुर ने जल जीवन मिशन परियोजना की विस्तृत समीक्षा करते हुए निर्देशित किया कि जनपद में 10 के सापेक्ष 07 परियोजनाएं पूर्ण हो गई है शेष 03 योजनाओं का कार्य जो लगभग पूर्ण है में भी जलापूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। समीक्षा के दौरान उन्होंने कहा कि हर घर पेयजल योजना के संचालन में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा, प्रत्येक घर तक पानी पहुंचाया जाना सुनिश्चित किया जाए। उन्होने इसके अतिरिक्त पाइप लाइन डालने के लिए क्षतिग्रस्त की गई सड़कों को पुनः ठीक करते हुए आवागमन योग्य बनाए जाने के निर्देश देते हुए कहा कि सड़कों की सूची ग्रामवार जनप्रतिनिधियों को उपलब्ध कराये ताकि क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों द्वारा सड़कों का सत्यापन किया जा सके।
मा0 सांसद झांसी-ललितपुर श्री अनुराग शर्मा ने एनएचएआई के कार्यों की समीक्षा करते हुए झाॅसी से कानपुर NHAI सिक्स लेन हेतु निम्न स्थानों पर ओवर ब्रिज हेतु गोरा मछिया, बचावली, बड़ागांव, बराठा, पारीछा, गुलारा,महेवा तिराहा, पहाही बुजुर्ग, चिरगांव वायपास Ⅰ, चिरगांव वायपास Ⅱ बरल, करगुवां, अम्मरगढ़ (अमरा), अटरिया, मोंठ, खिल्ली, पनारी, अमरोख, पूंछ वायपास।, पूछं वायपास Ⅱ एंव सेसा का जल्द से जल्द सर्वे कराए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि अभी भी एन0एच0 पर गड्ढों के कारण सड़क पर वाहन नहीं चल पा रहे हैं, इसके अतिरिक्त छुट्टा गोवंश के कारण लगातार दुर्घटनाएं भी हो रही हैं। उन्होंने एनएचएआइ को निर्देश देते हुए कहा कि तत्काल गड्ढों की मरम्मत कराते हुए सड़कों को ठीक किया जाए ताकि आवागमन सुरक्षित हो, इसके साथ ही उन्होंने अवैध कट बंद करते हुए सड़क सुरक्षा के पर्याप्त इंतेजामात करने के निर्देश दिए।
दिशा बैठक में सांसद श्री अनुराग शर्मा सहित उपस्थित समस्त जनप्रतिनिधियों ने जिलाधिकारी के नेतृत्व में जनपद में विद्युत व्यवस्था में आए सुधारों पर प्रसन्नता व्यक्त की और इन्हीं प्रयासों में निरंतरता बनाए रखने के निर्देश दिए। बैठक में विधायक सदर श्री रवि शर्मा ने नगर क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति की बेहतर व्यवस्था पर विभागीय अधिकारियों की पीठ थपथपाई और नगर क्षेत्र के सब स्टेशन की क्षमता वृद्धि पर संतोष व्यक्त किया।
जिला विकास समन्वय और निगरानी समिति की बैठक में ब्लाक प्रमुख बंगरा श्रीमती भारती आर्या ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर छुट्टा जानवरों के कारण लगातार दुर्घटनाएं हो रही हैं, उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायतों में कैटल कैचर की व्यवस्था है परंतु उनका उपयोग नहीं हो रहा, उन्होंने सुझाव दिया कि गोवंश को पकड़ कर गोशाला में संरक्षित किया जाए ताकि दुर्घटना से बचा जा सके ।
दिशा बैठक में विधायक मऊरानीपुर डॉक्टर रश्मि आर्य के प्रतिनिधि श्री दीपक कठैल ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मऊरानीपुर में विधायक निधि से बने वार्ड में गंदगी को लेकर शिकायत करते हुए उसे सुव्यवस्थित कर संचालित किए जाने की मांग की। उन्होंने प्राइवेट एम्बुलेंस के माध्यम से दलालों द्वारा निजी अस्पतालों में ले जाने पर भी नाराजगी व्यक्त की।
जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति दिशा की बैठक में जिलाधिकारी श्री मृदुल चौधरी ने मा0 सांसद झांसी-ललितपुर श्री अनुराग शर्मा सहित समस्त जनप्रतिनिधियों का स्वागत करते हुए कहा कि बैठक में जो भी दिशा निर्देश अथवा सुझाव दिए गए हैं, उन सभी का अनुपालन सुनिश्चित करते हुए सभी कार्य समय सीमा में पूर्ण कराना सुनिश्चित किया जाएगा।
दिशा बैठक में जनपद के मा. जनप्रतिनिधियों, ब्लाक प्रमुख एवं अन्य जनप्रतिनिधियों द्वारा भी राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा, प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना, दूरसंचार, रेलवे, राजमार्ग संबंधित अवसंरचना, एमएसएमई एवं डिफेंस कॉरिडोर आदि बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा की गई।
दिशा बैठक का संचालन एवं बैठक में आए मा0 सांसद झाँसी-ललितपुर सहित समस्त जनप्रतिनिधिगणों, अधिकारियों का आभार मुख्य विकास अधिकारी श्री जुनैद अहमद ने किया।
इस मौके पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्री पवन कुमार गौतम, विधायक सदर श्री रवि शर्मा, विधायक गरौठा श्री जवाहर लाल राजपूत, सदस्य विधान परिषद श्रीमती रमा निरंजन , एमएलसी श्री रामतीर्थ सिंघल, नगर आयुक्त सुश्री आकांक्षा राणा, जेडीसी श्री सुरेश चंद्र केसरवानी, सीएमओ डा0 सुधाकर पाण्डेय, डीएफओ श्री नीरज कुमार आर्या, सचिव जेडीए श्रीमती उपमा पांडेय, एडीएम प्रशासन श्री शिव प्रताप शुक्ल, एडीएम नमामि गंगे श्री योगेन्द्र कुमार, सहायक निदेशक सूचना श्री सुरजीत सिंह पीडी डीआरडीए श्री राजेश कुमार सहित विद्युत विभाग, जल निगम, जल संस्थान, लोक निर्माण विभाग, पशुपालन सहित अन्य विभागों के अधिकारीयों सहित अन्य जनप्रतिनिधी उपस्थित रहे।
————————————–
जिला सूचना कार्यालय द्वारा प्रसारित
