जनप्रतिनिधियों ने अधिकारियों से जनपद के ज्वलंत बिंदुओं पर खुल कर की बात
** कलेक्ट्रेट नवीन सभागार में आयोजित हुई कोर कमेटी की बैठक
** सड़क,पानी, बिजली के कार्य एवं परियोजनाओं को जल्द पूर्ण करें :-सांसद झांसी-ललितपुर
** विद्युत आपूर्ति को सुधारे जाने के निर्देश,ट्रांसफार्मर रिपेयरिंग के कार्य पर जताया असंतोष
** कोर कमेटी की बैठक में नगर में ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर हुआ मंथन, बस स्टैंड शिफ्टिंग पर भी हुई चर्चा
** अभियान चलाकर अवैध ढंग से संचालित हो रहे ई-रिक्शा चार्जिंग प्वाइंट पर करें सख्त कार्रवाई:- जिलाधिकारी
** जिलाधिकारी ने सांसद सहित जनपद के जनप्रतिनिधियों के सुझावों पर की चर्चा
झांसी। आज जिलाधिकारी गौरांग राठी ने कलेक्ट्रेट नवीन सभागार में सांसद झांसी-ललितपुर अनुराग शर्मा सहित समस्त जनप्रतिनिधियों का स्वागत करते हुए नगर में सुरक्षित आवागमन हेतु ट्रैफिक व्यवस्था, हर आमजन तक शुद्ध पेयजल आपूर्ति करने के अतिरिक्त जनपद में विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के संबंध में विस्तृत चर्चा की।
आयोजित बैठक सांसद झांसी- ललितपुर अनुराग शर्मा ने समस्त विधायक, सदस्य विधान परिषद एवं जिलाध्यक्ष,महानगर अध्यक्ष से कहा की नगर में सुरक्षित ट्रैफिक व्यवस्था,प्रत्येक नगरवासी को पर्याप्त शुद्ध पेयजल की आपूर्ति के अतिरिक्त नगर एवं जनपद में पर्याप्त विद्युत की उपलब्धता सुनिश्चित किया जाना हम सभी कि नैतिक जिम्मेदारी है। उन्होंने उपस्थित विभिन्न विभागों के अधिकारियों को समय से और गुणवत्तापरक कार्य करने के निर्देश दिए ताकि जनपदवासियों को परेशानी न हो।
बैठक में जिलाधिकारी गौरांग राठी ने उपस्थित जनप्रतिनिधियों सहित अधिकारियों को बताया कि शासन के निर्देशों के क्रम में कोर कमेटी की बैठक प्रतिमाह आयोजित की जाएगी। आज बैठक में सर्वप्रथम लोक निर्माण विभाग के प्रस्तावों पर चर्चा करते हुए उन्होंने अधिशाषी अभियंता लोक निर्माण विभाग को निर्देश दिए कि जो कार्ययोजना फाइनल हो गई है उसे जनप्रतिनिधियों को उपलब्ध कराया जाए ताकि अन्य कोई प्रस्ताव छूट गए हों, उन्हें आगामी कार्ययोजना में शामिल किया जा सके।
बैठक में सांसद अनुराग शर्मा ने कचरी चौराहा से बस स्टैंड की ओर बनने वाले फ्लाईओवर के प्रस्ताव की प्रगति की जानकारी ली। विधायक सदर श्री रवि शर्मा ने सुरक्षित यातायात व्यवस्था को सुनिश्चित करने के लिए सुझाव दिया कि फल मण्डी/सब्जी मण्डी भोजला मंडी में शिफ्ट किया जाए ताकि बस स्टैंड के आसपास यातायात सुरक्षित हो सके। उन्होंने बस स्टैण्ड को मून सिटी भगवंतपुरा के पास शिफ्ट करने का प्रस्ताव दिया, उन्होंने बताया कि इससे पूर्व भी ऐसा प्रस्ताव तैयार किया जा चुका है। महानगर अध्यक्ष श्री सुधीर सिंह ने मेडिकल कालेज के सामने लगातार ट्रैफिक की समस्या रहने पर मरीजों को होने वाली परेशानियों के संबंध में जानकारी दी और उसके निस्तारण हेतु सुझाव दिया।
कोर कमेटी की बैठक में जनपद सहित नगर क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति की चर्चा करते हुए सदर विधायक श्री रवि शर्मा ने कहा कि नगर में निर्माणाधीन अमृत-01एवं 02 योजना झाॅसी नगर विधानसभा को सीधे प्रभावित करती है। नगर में पेयजल आपूर्ति की विकट समस्या है,लगातार लोगों द्वारा शिकायत की जा रही है। वर्षों पुरानी पाइपलाइन लीकेज हो रही है। शुद्ध पानी में गंदा पानी मिलकर घरों तक पहुंच रहा है। ऐसी स्थिति में जब तक नई पाइपलाइन नहीं डालेंगे तो कैसे समस्या का हल होगा। उन्होंने जर्जर हो गई पाइपलाइन का सर्वे कराते हुए नई पाइपलाइन डाली जाने की कार्ययोजना बनाए जाने का सुझाव दिया।
बैठक में सदस्य विधान परिषद रामतीर्थ सिंघल ने नगर में योजनाअंतर्गत डाली पाइपलाइन को अधौमानक बताया और कहा कि मुफ्त लाइन डाले जाने पर भी क्षेत्र में लोगों से पैसा लिया जा रहा है। मेयर बिहारीलाल आर्य ने नगर एवं ग्रामीण क्षेत्र में योजना अंतर्गत पाइपलाइन डालने में जो सड़क क्षतिग्रस्त की गई है, उसे गुणवत्तापूर्ण ठीक कराया जाए ताकि आवागमन में असुविधा न हो। पेयजल आपूर्ति के कार्यों पर चर्चा करते हुए जिलाधिकारी गौरांग राठी ने स्पष्ट निर्देश दिए की योजना अन्तर्गत जल संयोजन निःशुल्क दिया गया। सुनिश्चित किया जाए। शिकायत में मिलने पर सख्त कार्रवाई होगी। इसके अतिरिक्त उन्होंने बूस्टर के माध्यम से टेल तक पानी पहुंचाने के निर्देश दिए।
कोर कमेटी की बैठक में विद्युत विभाग के कार्यों पर समस्त जनप्रतिनिधियों ने असंतोष व्यक्त किया। विधायक सदर रवि शर्मा ने नगर में ई रिक्शा चार्जिंग पर इन्फोर्समेंट की कार्यवाही करने का सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि बिजली चोरी करते हुए जगह-जगह मोहल्लों में ई-रिक्शा चार्ज हो रहे और प्रति रिक्शा 100 रुपया वसूले जा रहे। जिलाधिकारी गौरांग राठी ने तत्काल विभाग को अभियान चलाकर अवैध ढंग से संचालित हो रहे ई रिक्शा चार्जिंग स्टेशन पर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। अध्यक्ष जिला पंचायत श्री पवन गौतम ने भी जगह-जगह ई रिक्शा चार्जिंग को गलत ठहराते हुए कार्यवाही करने का सुझाव दिया।
बैठक में सांसद अनुराग शर्मा ने कटेरा देहात में काफी समय से खराब ट्रांसफार्मर को ठीक न किए जाने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए तत्काल ठीक कराए जाने के निर्देश दिए। बैठक में विधायक बबीना श्री राजीव सिंह परीछा ने विधानसभा क्षेत्र के ग्राम पुनांवली में काफी समय से ट्रांसफार्मर खराब होने के कारण विद्युत आपूर्ति नहीं हो पा रही है, जिससे ग्रामीणों में नाराजगी है। बैठक में जिलाधिकारी ने जनप्रतिनिधियों के प्रस्ताव पर बड़ागांव, चिरगांव सहित मोंठ क्षेत्र में धान की फसल लेने पर किसानों को पर्याप्त पानी की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए अभी से
विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में विधायक नगर रवि शर्मा, विधायक गरौठा जवाहर लाल राजपूत, विधायक मऊरानीपुर डॉ0 रश्मि आर्या, विधायक बबीना राजीव सिंह परीछा, सदस्य विधान परिषद श्रीमती रमा निरंजन, सदस्य विधान परिषद रामतीर्थ सिंघल, महानगर अध्यक्ष सुधीर सिंह, जिलाध्यक्ष प्रदीप पटेल उपस्थित रहे।
इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बीबीजीटीएस मूर्ति,नगर आयुक्त सुश्री आकांक्षा राणा मुख्य विकास अधिकारी रामेश्वर सुधाकर सब्बनबाड, एसपी ग्रामीण डॉ0 अरविंद कुमार, एडीएम प्रशासन प्रताप शुक्ल, एसपी सिटी श्रीमती प्रीति सिंह, सचिव झांसी विकास प्राधिकरण गौरव शुक्ला,अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग रजनीश गुप्ता, अधिशासी अभियन्ता विद्युत सुभाष चन्द्र सहित जलनिगम के अधिकारी उपस्थित रहे।

