• Tue. Aug 25th, 2026

BKT News24

Hindi news, हिंदी न्यूज़ , Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, Breaking News in Hindi, ताजा ख़बरें, BKT News24

लाभार्थी के घर पहुंचे सांसद वीडी शर्मा, दिव्यांग युवक को तत्काल दिलाई ट्राई साइकिल

ByBKT News24

Jun 17, 2026

लाभार्थी के घर पहुंचे सांसद वीडी शर्मा, दिव्यांग युवक को तत्काल दिलाई ट्राई साइकिल
सिद्धनाथ धाम के विकास कार्यों का लिया जायजा, अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश

पन्ना। खजुराहो सांसद एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता विष्णुदत्त शर्मा ने अपने पन्ना प्रवास के दौरान जनसंपर्क, विकास कार्यों के निरीक्षण एवं हितग्राहियों से मुलाकात कर जनकल्याणकारी योजनाओं की जमीनी स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने गुनौर विधानसभा क्षेत्र के कल्दा श्यामगिरि पहुंचकर वृक्षारोपण किया तथा क्षेत्र के धार्मिक एवं विकास संबंधी कार्यों का निरीक्षण किया।

प्रवास के दौरान सांसद शर्मा प्रसिद्ध धार्मिक स्थल सिद्धनाथ धाम पहुंचे, जहां उन्होंने स्थानीय जनप्रतिनिधियों, ग्रामीणों एवं संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों और व्यवस्थाओं की समीक्षा की। ग्रामीणों द्वारा रखी गई समस्याओं और सुझावों को गंभीरता से सुनते हुए उन्होंने जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को तत्काल फोन कर आवश्यक व्यवस्थाएं सुदृढ़ करने एवं निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।

इसके बाद सांसद शर्मा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के “12 साल विश्वास के, विकास के और जनकल्याण के” अभियान के अंतर्गत लाभार्थी संपर्क कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान वे अनुसूचित जाति वर्ग के एक हितग्राही परिवार के घर पहुंचे, जहां उन्होंने परिवार के सदस्यों से योजनाओं के लाभ की जानकारी ली।

परिवार के युवक डब्लू चौधरी ने सांसद को बताया कि एक सड़क दुर्घटना में उसका एक पैर कट गया था। आयुष्मान भारत योजना के माध्यम से उसका इलाज तो हो गया, लेकिन उसे अब तक ट्राई साइकिल उपलब्ध नहीं हो सकी थी, जिससे दैनिक जीवन में उसे काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। युवक की समस्या सुनते ही सांसद शर्मा ने संवेदनशीलता का परिचय देते हुए संबंधित अधिकारियों से तत्काल चर्चा की और मौके पर ही उसे ट्राई साइकिल उपलब्ध कराने की व्यवस्था सुनिश्चित कराई।

सांसद शर्मा ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि दिव्यांग युवक को शासन की सभी पात्रतानुसार योजनाओं का लाभ प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराया जाए, ताकि वह आत्मनिर्भर जीवन जी सके। सांसद द्वारा की गई इस त्वरित पहल से युवक एवं उसके परिवार ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति आभार जताया।

ग्रामीणों ने भी सांसद शर्मा के इस जनहितैषी और संवेदनशील व्यवहार की सराहना करते हुए कहा कि जनप्रतिनिधियों का इस प्रकार सीधे लोगों के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं का समाधान करना समाज के लिए प्रेरणादायक है। कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि, भाजपा कार्यकर्ता एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।