• Thu. Jun 18th, 2026

BKT News24

Hindi news, हिंदी न्यूज़ , Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, Breaking News in Hindi, ताजा ख़बरें, BKT News24

विकसित भारत के लिए गांवों का सशक्त होना जरूरी:- जिलाधिकारी

ByBKT News24

Jun 18, 2026

विकसित भारत के लिए गांवों का सशक्त होना जरूरी:- जिलाधिकारी

** केन्द्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर समेकित जन-कल्याण एवं जन-जागरूकता अभियान के अंतर्गत ग्राम पंचायत रक्सा में आयोजित हुई रात्रि चौपाल

** “12 साल विश्वास के विकास के और जनकल्याण के” अभियान के तहत आयोजित हुई रात्रि जन-चौपाल, ग्रामीणों से सीधे संवाद में जुटे अधिकारी

** जिलाधिकारी ने बस्ती का किया भ्रमण, रात्रि चौपाल लगाकर जन-शिकायतों को सुनकर किया निस्तारण,

** रात्रि जन चौपाल में महानगर अध्यक्ष श्री सुधीर सिंह ने गिनाईं केंद्र सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियां

** जन चौपाल में योजनाओं की दी जानकारी, ग्रामीणों की समस्याएं सुनकर समाधान के दिए निर्देश

** जिलाधिकारी ने जन चौपाल में किया संवाद, विकास योजनाओं व कानून व्यवस्था पर किया जागरूक

** रात्रि चौपाल का उद्देश्य शासन की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाना तथा ग्रामीणों की समस्याओं का मौके पर समाधान सुनिश्चित करना है

माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के दूरदर्शी नेतृत्व में केन्द्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के ऐतिहासिक अवसर पर 5 जून से 21 जून, 2026 तक जनपद में व्यापक स्तर पर केन्द्र एवं राज्य सरकार की नीतियों, संचालित योजनाओं एवं कार्यक्रमों की उपलब्धियों तथा जनसामान्य के जीवन में आए सकारात्मक परिवर्तन को प्रदर्शित करने हेतु एक समेकित अभियान संचालित है।
जिलाधिकारी श्री गौरांग राठी की अध्यक्षता में बुधवार रात्रि में विकास खण्ड बबीना के ग्राम पंचायत रक्सा में रात्रि चौपाल का आयोजन कर जन-शिकायतों को सुनते हुए शासकीय योजनाओं की समीक्षा एवं जन-शिकायतों का निस्तारण किया गया। ग्रामीण बस्ती का निरीक्षण के दौरान स्थानीय समस्याओं का जमीनी स्तर पर अध्ययन कर त्वरित सुधारात्मक कार्यवाही के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने विभिन्न विभागों – स्वास्थ्य विभाग, कृषि, महिला कल्याण, आईसीडीएस, उद्योग विभाग आदि की कल्याणकारी योजनाओं से संबंधित जानकारी दी। रात्रि चौपाल में समुदाय आधारित गतिविधियां आयोजित की गई जिनमें महिला व बाल विकास विभाग द्वारा बच्चों का अन्नप्राशन, महिलाओं की गोद भराई, पोशण पोटली वितरण किया गया। स्वास्थ्य विभाग द्वारा स्वास्थ्य शिविर लगाकर ग्रामीणों महिलाओं बच्चों ,बुजुर्गों के स्वास्थ्य का परीक्षण तथा आवश्यक चिकित्सकीय उपकरण भी प्रदान किए गए।
जन चौपाल को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी श्री गौरांग राठी ने कहा कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार गांव, गरीब, किसान, महिला, युवा एवं श्रमिकों के उत्थान के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाना शासन की प्राथमिकता है। उन्होंने ग्रामीणों को प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत योजना, किसान सम्मान निधि, उज्ज्वला योजना, स्वच्छ भारत मिशन, जल जीवन मिशन, वृद्धावस्था पेंशन, निराश्रित महिला पेंशन, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना सहित विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए उनका लाभ लेने के लिए प्रेरित किया।
जिलाधिकारी श्री गौरांग राठी ने ग्रामीणों के साथ संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं एवं सुझावों को सुना। जिलाधिकारी ने ग्राम वासियों से ग्राम पंचायत में स्थित विद्यालय में शिक्षकों की उपस्थिति, पढ़ाई की गुणवत्ता, मिड डे मील की गुणवत्ता, बेसिक इंफ्रास्ट्रक्चर, आंगनबाड़ी केंद्रों का संचालक, स्वास्थ्य उपेंद्रों पर स्वास्थ्य की जांच, टीकाकरण, विद्युत आपूर्ति, हर घर जल योजना अंतर्गत जल की आपूर्ति एवं जल की गुणवत्ता तथा भूमि विवाद आदि के संबंध में जानकारी ली, ग्रामीणों द्वारा संतोषजनक उत्तर दिया गया।
जिलाधिकारी ने ग्राम वासियों से कहा कि यदि किसी भी प्रकार की समस्या होती है तो प्रतिदिन कलेक्ट्रेट में जनसुनवाई 10 से 12 बजे के बीच में उपस्थित होकर प्रार्थना पत्र के माध्यम से अवगत करा सकते हैं, उसकी जांच कर नियमानुसार निस्तारण कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि यदि शिकायत मिली कि किसी दबंग व्यक्ति द्वारा किसी गरीब की जमीन पर कब्जा कर लिया गया है तो उसकी जांच कराकर प्रकरण सही पाए जाने पर मुकदमा दर्ज कराते हुए पर कड़ी कार्यवाही की जाएगी। यदि किसी सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा किया गया है, तो उसे पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी ने गांव के विकास, पेयजल, विद्युत, सड़क, राजस्व, आवास एवं अन्य विभागों से संबंधित समस्याओं की जानकारी प्राप्त की तथा उनके त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप प्रशासन गांव-गांव तक पहुंचकर लोगों की समस्याओं का समाधान करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी देते हुए पात्र व्यक्तियों से उनका लाभ लेने का आह्वान किया।
जिलाधिकारी श्री गौरांग राठी ने चौपाल से पूर्व मुख्य विकास अधिकारी, उप जिलाधिकारी,जिला पंचायत राज अधिकारी के साथ ग्राम पंचायत रक्षा की निर्धनतम परिवार वाली बस्ती का भ्रमण किया।भ्रमण के दौरान श्रीमती शीला पत्नी बाबूलाल एवं श्रीमती सुधा पत्नी नवल ने घर पहुंचे।
महिलाओं से बात करते हुए उन्होंने पेंशन, आवास एवं आयुष्मान कार्ड बनवाए जाने की बात कही, जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि तत्काल संपर्क कर सभी समस्याओं का निराकरण किया जाना सुनिश्चित किया जाए।
ग्राम पंचायत रक्सा में आयोजित जन चौपाल के दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारियों द्वारा विभागीय योजनाओं, लाभार्थीपरक कार्यक्रमों एवं सरकारी सेवाओं की जानकारी भी ग्रामीणों को उपलब्ध कराई गई। ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं एवं सुझाव प्रशासन के समक्ष रखे, जिनके समाधान हेतु संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
रात्रि जन चौपाल कार्यक्रम में महानगर अध्यक्ष श्री सुधीर सिंह, नगर उपाध्यक्ष श्री संजीव अग्रवाल, मुख्य विकास अधिकारी श्री रामेश्वर सुधाकर सब्बनवाड, जिला विकास अधिकारी श्री सुनील कुमार, परियोजना निदेशक श्री राजेश कुमार , डीपीआरओ डॉ0 बाल गोविंद श्रीवास्तव,डीसी मनरेगा शिखर कुमार श्रीवास्तव, उपायुक्त उद्योग, अधिशासी अभियंता ग्रामीण अभियंत्रण विभाग, जिला ग्रामोद्योग अधिकारी, जिला पूर्ति अधिकारी सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारियों, विभागीय कर्मचारियों एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणों की सहभागिता रही।
——————————————
जिला सूचना कार्यालय द्वारा प्रसारित