• Sun. Jun 21st, 2026

BKT News24

Hindi news, हिंदी न्यूज़ , Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, Breaking News in Hindi, ताजा ख़बरें, BKT News24

योग भारत की विरासत, स्वस्थ शरीर ही स्वस्थ राष्ट्र का आधार:- मा0 सीएम योगी जी*

ByBKT News24

Jun 21, 2026

योग भारत की विरासत, स्वस्थ शरीर ही स्वस्थ राष्ट्र का आधार:- मा0 सीएम योगी जी*

*पीएम मोदी ने योग को दिलाई वैश्विक पहचान*

*योग अपनाइए, रोग और समय से पहले बुढ़ापे से बचिए :- माननीय मुख्यमंत्री जी*

*21 जून केवल एक दिन नहीं, जीवन का संदेश*

आज अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर मा0 मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने कहा कि योग केवल 21 जून तक सीमित नहीं होना चाहिए। इसे जीवनशैली का हिस्सा बनाना होगा। स्वस्थ शरीर ही स्वस्थ राष्ट्र का आधार है। भारतीय ऋषि परंपरा ने जो भी पर्व और उत्सव निर्धारित किए, उनके पीछे प्रकृति के साथ सामंजस्य का भाव रहा है। हमारी संस्कृति का उद्देश्य प्रकृति के साथ रहकर जीवन को संतुलित बनाना है।
मा0 मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी आज विश्व योग दिवस के अवसर पर झांसी में वीरांगना महारानी लक्ष्मीबाई दुर्ग के तलहटी में सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम में शामिल हुए। ‘योग फॉर हेल्दी एजिंग’ (स्वस्थ आयु के लिए योग) थीम के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में सीएम योगी ने आयुष विभाग की आयुष ई-पत्रिका का विमोचन भी किया।
अपने उद्बोधन में माननीय मुख्यमंत्री जी ने कहा कि मा0 प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत की परंपरा और विरासत को वैश्विक मान्यता दिलाने का कार्य किया है। उनके प्रयासों के कारण आज 140 करोड़ भारतीय दुनिया में गौरव के साथ आगे बढ़ रहे हैं और विकसित भारत की संकल्पना को नई दिशा मिली है। मा0 प्रधानमंत्री जी स्वयं प्रत्येक वर्ष अलग-अलग राज्यों में जाकर अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के कार्यक्रमों को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का कार्य करते हैं।
मा0 मुख्यमंत्री जी ने कहा कि हमारे शास्त्रों में कहा गया है कि शरीरमाद्यं खलु धर्मसाधनम् अर्थात स्वस्थ शरीर ही सभी कर्तव्यों और पुरुषार्थों की साधना का माध्यम है। यदि शरीर स्वस्थ व निरोग नहीं होगा तो कोई भी व्यक्ति जीवन के किसी भी लक्ष्य को प्राप्त नहीं कर सकता। स्वस्थ शरीर और स्वस्थ मस्तिष्क वाला छात्र ही अपने जीवन में सफलता की ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा। स्वस्थ किसान खेती-किसानी में नई उपलब्धियां हासिल करेगा और समाज के लिए प्रेरणा बनेगा। स्वस्थ श्रमिक अपने परिश्रम से विकास और निर्माण की नई इबारत लिखेगा। स्वस्थ वैज्ञानिक देश को नए-नए अनुसंधान और उपलब्धियां प्रदान करेगा। स्वस्थ नागरिक ही स्वस्थ राष्ट्र का आधार बन सकता है।
मा0 मुख्यमंत्री जी ने कहा कि मा0 प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने देश में सबसे लंबे समय तक निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में कार्य करने का रिकॉर्ड बनाया है। उन्होंने भारत की विरासत को सम्मान दिलाने और उसे वैश्विक मंच पर स्थापित करने का कार्य किया है। आज दुनिया के लगभग 200 देश योग से जुड़ चुके हैं। दुनिया के विभिन्न देशों में योग के प्रति लोगों में विशेष आकर्षण पैदा हुआ है। प्रधानमंत्री जी ने आयुष और पारंपरिक चिकित्सा के क्षेत्र में भारत के युवाओं के लिए रोजगार और अवसरों का नया द्वार खोला है।
मा0 मुख्यमंत्री जी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में भी आयुष विभाग लगातार कार्य कर रहा है। यदि शरीर स्वस्थ होगा तो मस्तिष्क भी स्वस्थ होगा, स्वस्थ मस्तिष्क होगा तो बुद्धि स्वस्थ होगी और स्वस्थ बुद्धि होगी तो आत्मा भी स्वस्थ होगी। आत्मा में ईश्वर का वास होता है। इसलिए स्वस्थ शरीर पूरे जीवन का मूल आधार है और योग इसका सबसे प्रभावी माध्यम है।
12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर मा0 मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी ने कहा कि भारतीय संस्कृति में वर्ष में दो बार नवरात्रि का आयोजन होता है। इसके पीछे भी ऊर्जा और प्रकृति का विज्ञान छिपा हुआ है। नवरात्रि ऐसे समय में आती है जब ऋतुओं का परिवर्तन होता है और प्रकृति विशेष ऊर्जा प्रदान करती है। 21 जून का दिन विशेष महत्व रखता है क्योंकि यह वर्ष का सबसे लंबा दिन होता है। आज के दिन सूर्य का प्रकाश सबसे अधिक समय तक धरती को प्राप्त होता है। सूर्य को जगत का पिता कहा गया है। जो व्यक्ति और वनस्पति सूर्य के जितने अधिक सानिध्य में रहते हैं, उनमें उतनी ही अधिक ऊर्जा, तेज और क्षमता विकसित होती है। सूर्य हम सभी के जीवन का आधार है। योग दिवस हमें अपनी आंतरिक ऊर्जा और प्रकृति की ऊर्जा को एक साथ जोड़ने का अवसर देता है।
मा0 सीएम योगी जी ने कहा कि योग की परंपरा आदियोगी भगवान शिव से प्रारंभ हुई और ऋषि-मुनियों ने इसे पूरी दुनिया तक पहुंचाया। एक समय ऐसा आया जब हम अपनी इस महान विरासत को भूलने लगे थे, लेकिन प्रधानमंत्री जी के प्रयासों से भारत फिर से अपनी सांस्कृतिक धरोहर पर गर्व का अनुभव कर रहा है। इस वर्ष मोदी जी ने ‘स्वस्थ आयु के लिए योग’ थीम दी है, जिसका उल्लेख हमारे ऋषियों ने भी किया है। उन्होंने शास्त्रों का जिक्र करते हुए कहा- “न तस्य रोगो न जरा न मृत्युः प्राप्तस्य योगाग्निमयं शरीरम्” अर्थात जिसका शरीर योग की अग्नि से तपकर सुदृढ़ हो गया हो, उसके पास न रोग आता है, न समय से पहले बुढ़ापा और न ही दुर्बलता। यदि हमें रोगों और समय से पहले आने वाले बुढ़ापे से बचना है तो योग को नियमित रूप से अपने जीवन का हिस्सा बनाना होगा।
मा0 मुख्यमंत्री जी ने कहा कि उन्हें प्रसन्नता है कि राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल जी प्रदेश में योग दिवस कार्यक्रमों का नेतृत्व कर रही हैं। उपमुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य प्रयागराज में, उपमुख्यमंत्री श्री बृजेश पाठक लखनऊ में तथा प्रदेश सरकार के अन्य मंत्री और वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी अलग-अलग जनपदों में योग दिवस कार्यक्रमों में भाग ले रहे हैं। प्रदेश की सभी ग्राम पंचायतों, 825 विकासखंड मुख्यालयों, 350 तहसीलों और 762 नगर निकायों में भी अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पूरी भव्यता और दिव्यता के साथ मनाया जा रहा है।
इस अवसर पर मा0 मुख्यमंत्री जी ने अपने संबोधन के अंत में 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम की अमर नायिका रानी लक्ष्मीबाई की कर्मभूमि झांसी की पावन धरती से पूरे प्रदेशवासियों को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की हार्दिक बधाई दी। उन्होंने कहा कि आयुष विभाग के सभी अधिकारीगण, झांसी के प्रबुद्धजन, प्रशासन एवं पुलिस विभाग से जुड़े अधिकारी, सुरक्षा बलों के जवान, युवा साथी, मातृशक्ति और प्रदेशवासी बधाई के पात्र हैं। यदि योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बना लिया जाए तो व्यक्ति स्वस्थ, ऊर्जावान और सकारात्मक जीवन जी सकता है। उन्होंने सभी के सुख, स्वास्थ्य और मंगलमय जीवन की कामना करते हुए योग को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर उत्तर प्रदेश विधान परिषद के सभापति मा0 कुंवर मानवेंद्र सिंह, मा0आयुष मंत्री दयाशंकर मिश्र दयालु, सांसद झांसी-ललितपुर श्री अनुराग शर्मा, विधायक श्री रवि शर्मा, विधायक गरौठा श्री जवाहर लाल राजपूत, विधायक बबीना श्री राजीव सिंह पारीछा, विधान परिषद सदस्य श्रीमती रमा निरंजन, विधायक मऊरानीपुर डा0 रश्मि आर्य, विधान परिषद सदस्य श्री राम तीर्थ सिंघल, महापौर श्री बिहारी लाल आर्य, अध्यक्ष गौ सेवा संस्थान श्री श्याम बिहारी गुप्ता, जिलाध्यक्ष श्री प्रदीप पटेल, महानगर अध्यक्ष श्री सुधीर सिंह सहित सलाहकार मा0 मुख्यमंत्री श्री अवनीश अवस्थी, एडीजी श्रीमती अनुपम कुलश्रेष्ठ, प्रमुख सचिव आयुष विभाग श्री रंजन कुमार, मण्डलायुक्त श्री बिमल कुमार दुबे, आईजी श्री आकाश कुलहरि, जिलाधिकारी श्री गौरांग राठी, विशेष सचिव मुख्यमंत्री श्री नवनीत चहल,वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री बीबीजीटीएस मूर्ति, उपाध्यक्ष जेडीए श्री हिमांशु गौतम, नगर आयुक्त सुश्री आकांक्ष राणा ,मुख्य विकास अधिकारी श्री रामेश्वर सुधाकर सब्बनवाड, एडीएम प्रशासन श्री शिव प्रताप शुक्ल, एडीएम न्याय श्री अरुण कुमार गौड़, एडीएम नमामी गंगे श्री योगेश कुमार, आयुर्वेद एवं यूनानी अधिकारी डॉ0 जगजीवन राम सहित अन्य विभागीय अधिकारियों ने अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस पर माननीय मुख्यमंत्री जी के साथ योग में प्रतिभाग किया।
इस अवसर पर झांसी नगर के विभिन्न संगठन/ व्यापारिक संगठन के सदस्यगणों एवं स्कूली बच्चे, गणमान्य नागरिकों ने भी अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में प्रतिभाग किया।
________________________

जिला सूचना कार्यालय द्वारा
प्रसारित