• Sun. Jun 21st, 2026

BKT News24

Hindi news, हिंदी न्यूज़ , Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, Breaking News in Hindi, ताजा ख़बरें, BKT News24

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर जनपद की ग्राम पंचायतों में चला “सिंगल यूज प्लास्टिक मुक्त अभियान

ByBKT News24

Jun 21, 2026

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर जनपद की ग्राम पंचायतों में चला “सिंगल यूज प्लास्टिक मुक्त अभियान
—————–
12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जनपद झाँसी की समस्त ग्राम पंचायतों में सार्वजनिक स्थलों पर व्यापक स्तर पर “सिंगल यूज प्लास्टिक मुक्त ग्राम पंचायत” अभियान चलाया गया। अभियान का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों को प्लास्टिक प्रदूषण से मुक्त कर स्वच्छ, स्वस्थ एवं पर्यावरण-अनुकूल वातावरण का निर्माण करना है।
इस अवसर पर ग्रामीणों को जागरूक करते हुए बताया गया कि प्लास्टिक प्रदूषण वर्तमान समय की गंभीर पर्यावरणीय चुनौतियों में से एक है। प्लास्टिक की उपयोगिता एवं कम लागत के कारण इसका प्रयोग लगातार बढ़ रहा है, किंतु इसके दुष्परिणाम पर्यावरण, जैव विविधता तथा मानव स्वास्थ्य पर गहरा प्रभाव डाल रहे हैं। प्लास्टिक उत्पादों को पूर्ण रूप से नष्ट होने में 100 से 500 वर्ष तक का समय लगता है, जिससे पर्यावरण में प्लास्टिक कचरे का निरंतर संचय होता रहता है। यह सूक्ष्म कणों के रूप में मिट्टी, जल स्रोतों एवं खाद्य श्रृंखला में प्रवेश कर मानव स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा उत्पन्न करता है।
अभियान के दौरान बताया गया कि सिंगल यूज प्लास्टिक एवं पॉलीथिन नालियों को अवरुद्ध कर गंदगी और जलभराव जैसी समस्याओं को बढ़ावा देते हैं तथा अपशिष्ट प्रबंधन को भी जटिल बनाते हैं।
जनपद की सभी ग्राम पंचायतों में सार्वजनिक स्थलों को सिंगल यूज प्लास्टिक मुक्त बनाने के उद्देश्य से विशेष समितियों का गठन किया गया है। इन समितियों द्वारा ग्रामीणों को प्लास्टिक के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करते हुए कपड़े, जूट, कागज तथा अन्य पर्यावरण-अनुकूल विकल्पों को अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही लोगों को प्लास्टिक कचरा न जलाने की सलाह देते हुए इसके स्वास्थ्य संबंधी दुष्प्रभावों की जानकारी भी दी गई।
अभियान के अंतर्गत ग्राम पंचायतों के सार्वजनिक स्थलों एवं दुकानदारों को सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग बंद करने के लिए प्रेरित किया गया। ग्राम पंचायतों, विद्यालयों, सार्वजनिक संस्थानों तथा ग्रामीणों की सक्रिय सहभागिता से यह अभियान जन-आंदोलन का रूप लेता दिखाई दिया।
अभियान के दौरान एकत्रित सिंगल यूज प्लास्टिक को पृथक कर ग्राम पंचायतों में स्थापित प्लास्टिक वेस्ट मैनेजमेंट यूनिट में भेजा गया, जहाँ फ्लेक्स कटिंग, बेलिंग एवं श्रेडिंग मशीनों के माध्यम से उसका निस्तारण किया जाएगा। इससे ग्राम पंचायतों की आय में वृद्धि होने के साथ-साथ “कचरे से कंचन” की अवधारणा को भी बल मिलेगा तथा पर्यावरण संरक्षण के साथ ग्रामीण स्वावलंबन को बढ़ावा मिलेगा।
जनपद प्रशासन ने सभी नागरिकों से सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग से बचने तथा स्वच्छ एवं हरित वातावरण के निर्माण में सक्रिय सहयोग करने की अपील की है।
————–
सूचना विभाग झांसी द्वारा प्रसारित।