• Sun. Aug 23rd, 2026

BKT News24

Hindi news, हिंदी न्यूज़ , Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, Breaking News in Hindi, ताजा ख़बरें, BKT News24

जिलाधिकारी ने बरसते पानी में अधिकारियों की टीम के साथ जीवनशाह चौराहे की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के संबंध में भ्रमण किया

ByBKT News24

Aug 22, 2026

जिलाधिकारी ने बरसते पानी में अधिकारियों की टीम के साथ जीवनशाह चौराहे की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के संबंध में भ्रमण किया

** जिलाधिकारी ने पूरी टीम के साथ जेल चौराहा का भी निरीक्षण करते हुए यातायात व्यवस्था को और सुदृढ़ करने के निर्देश दिए

** भ्रमण के दौरान उन्होंने साफ संकेत दिए कि रोड सेफ्टी के निर्धारित मानकों के अनुसार चौराहे पर यातायात व्यवस्था में किया जाएगा सुधार

** सड़क किनारे नो पार्किंग में गाड़ी खड़ी करने, यातायात नियमों का उल्लंघन करने पर होगा चालान

झाँसी महानगर के प्रमुख एवं व्यस्ततम जीवनशाह चौराहा एवं जेल चौराहा में यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी श्री गौरांग राठी की अगुवाई में अधिकारियों की उच्च स्तरीय टीम के साथ दोनों चौराहों पर बढ़ते यातायात दबाव, जाम की स्थिति एवं पैदल यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विस्तृत निरीक्षण किया गया।
जिलाधिकारी श्री गौरांग राठी ने अधिकारियों सहित दोनों व्यस्ततम चौराहों का निरीक्षण करते हुए कहा कि सड़क किनारे नो पार्किंग में गाड़ी खड़ी करने वालों एवम यातायात नियमों के का उल्लंघन करने पर तत्काल कार्यवाही करते हुए चालान काटे जाने के निर्देश दिए। उन्होंने चौराहों के चारों ओर प्रतिष्ठान संचालकों से अपील करते हुए कहा कि अपने प्रतिष्ठानों के सम्मुख गाड़ी पार्क न कराएं, ऐसा करने से यातायात बाधित होता है और जाम की स्थिति बनती है। अनियंत्रित दुपहिया वाहनों के खड़े रहने से पैदल यात्रियों के लिए समस्या बनी रहती है और इससे दुर्घटना भी होती है।
जेल चौराहा एवं जीवनशाह चौराहा का निरीक्षण करते हुए जिलाधिकारी ने रोड सेफ्टी के निर्धारित मानकों के अनुसार, चौराहों पर यातायात व्यवस्था में सुधार लाने के लिए चौराहे के आसपास चिन्हित स्थानों पर व्यवस्थित पार्किंग जोन विकसित किए जाने, नो-पार्किंग जोन का कड़ाई से पालन कराने के लिए दुकानदारों एवं आमजन को पार्किंग नियमों के प्रति जागरूक किए के भी निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्युत विभाग को भी चौराहों पर विद्युत के तारों को व्यवस्थित किए जाने के निर्देश दिए, ताकि लटकते हुए तारों से दुर्घटना को रोका जा सके।
जिलाधिकारी श्री गौरांग राठी ने नगर निगम, लोक निर्माण विभाग, यातायात पुलिस एवं विद्युत विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि समन्वय बनाकर जल्द से जल्द कार्ययोजना तैयार कर प्रस्तुत किया जाए। उन्होंने कहा कि जीवनशाह चौराहा शहर की पहचान है। इसे जाम मुक्त, सुंदर एवं सुरक्षित बनाना प्रशासन की प्राथमिकता है।
इस अवसर पर नगर आयुक्त श्रीमती आकांक्षा राणा, एडीएम प्रशासन श्री शिव प्रताप शुक्ल, एसपी सिटी श्रीमती प्रीति सिंह, अपर नगर आयुक्त श्री राहुल यादव, जेडीए सचिव श्री गौरव शुक्ला, अधिशासी अभियंता पीडब्ल्यूडी श्री रजनीश गुप्ता, एई पीडब्ल्यूडी श्री संदीप शर्मा, सीओ यातायात, एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
————————————-
जिला सूचना कार्यालय द्वारा प्रसारित