• Thu. Sep 10th, 2026

BKT News24

Hindi news, हिंदी न्यूज़ , Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, Breaking News in Hindi, ताजा ख़बरें, BKT News24

जनपद में भव्यता से आयोजित होगा “सेवा संकल्प अभियान”:- मुख्य विकास अधिकारी

ByBKT News24

Sep 10, 2026

जनपद में भव्यता से आयोजित होगा “सेवा संकल्प अभियान”:- मुख्य विकास अधिकारी

17 सितम्बर से 17 अक्टूबर 2026 तक नगर निकायों एंव गांव-गांव होंगे जनसेवा के कार्यक्रम

** विभागीय अधिकारियों को जिम्मेदारी, प्रतिदिन होगी मॉनिटरिंग, शिथिलता पर होगी कार्यवाही

झांसी ।प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 25 वर्षों के निरंतर सेवाकाल की जनकल्याणकारी उपलब्धियों को जन जन तक पहुंचाना तथा प्रत्येक नागरिक को विकसित भारत 2047 के सामूहिक राष्ट्रीय संकल्प से जोड़ने पर प्रशासन द्वारा 17 सितम्बर से 17 अक्टूबर, 2026 तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाने जा रही है। ग्राम और न्याय पंचायत से लेकर जिला मुख्यालय तक एक महीने चलने वाले अभियान में जनसेवा, स्वास्थ्य, स्वच्छता, पर्यावरण, सामाजिक सरोकार और राष्ट्र निर्माण से जुड़े व्यापक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
आज मुख्य विकास अधिकारी श्री रामेश्वर सुधाकर सब्बनवाड ने विकास भवन सभागार में अभियान को सरकारी आयोजनों तक सीमित रखने के बजाय इसमें व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया। अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए उन्होंने आयोजित होने वाले प्रतिदिन के कार्यक्रमों के नोडल अधिकारी बनाते हुए उन्हें सफल आयोजन की जिम्मेदारी दी।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए सीडीओ ने कहा कि सरकार की मंशा ‘सेवा संकल्प अभियान’ के जरिए मा0 प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन और जनसेवा से नागरिकों को परिचित कराने के साथ उन्हें ‘विकसित भारत-2047’ के सामूहिक राष्ट्रीय संकल्प से जोड़ने की है। इसके लिए कार्यक्रमों को जिला मुख्यालयों तक सीमित न रखकर न्याय पंचायत, ग्राम पंचायत और नगरीय क्षेत्रों तक आयोजन की तैयारी है।
उन्होंने कहा कि जनपद में मा0 प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के जन्मदिवस 17 सितम्बर को ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के साथ अभियान की शुरुआत होगी। ग्राम पंचायतों से लेकर शहरों तक जनभागीदारी के साथ कार्यक्रम होंगे। इस अवसर पर दिव्यांगजनों को कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरण भी वितरित किए जाएंगे। अभियान के दौरान ‘करोड़ों बच्चों के सपनों का भारत’, ‘नमो सेवा गाथा’, ‘आंगन का उत्सव’, ‘कहानी बदलाव की’, ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा’, ‘सेवा ज्योति यात्रा’, ‘वडनगर से वाराणसी यात्रा’, ‘सेवा मेरा योगदान’, ‘घर-घर से राष्ट्र तक रंगोली’, ‘इनोवेशन चैलेंज’ और ‘जनसेवा महाकुंभ’ जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
बैठक में सीडीओ ने माह भर चलने वाले सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत प्रतिदिन आयोजित होने वाले कार्यक्रमों के दौरान ‘सेवा मेरा योगदान’ के तहत प्रशासन द्वारा जनपद में स्वच्छता और वृक्षारोपण के साथ घाटों, पार्कों और गोशालाओं की सफाई एवं सौंदर्यीकरण के कार्यक्रम आयोजित करेगी। रक्तदान शिविर भी लगाए जाएंगे। वहीं ‘आरोग्य मेलों’ के जरिए लोगों के स्वास्थ्य परीक्षण, चिकित्सकीय परामर्श और आवश्यक दवाओं के वितरण की व्यवस्था की जाएगी। बच्चों, युवाओं और नवाचार से जुड़े कार्यक्रमों के माध्यम से नई पीढ़ी को राष्ट्र निर्माण से जोड़ने पर विशेष जोर रहेगा। ‘नमो सेवा गाथा’ के जरिए प्रधानमंत्री मोदी जी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन, जनकल्याणकारी योजनाओं और इस दौरान विभिन्न क्षेत्रों में आए बदलाव को लोगों तक पहुंचाया जाएगा।
मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि अभियान के महत्वपूर्ण पड़ाव के रूप में 07 अक्टूबर को जनपद में ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा’ निकाली जाएगी। इसके माध्यम से नागरिकों को विकसित भारत के निर्माण में अपनी भूमिका निभाने का सामूहिक संकल्प दिलाया जाएगा। विभिन्न स्थानों पर बड़ी स्क्रीन लगाकर मा. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के संबोधन का प्रसारण भी किया जाएगा।
अभियान को जनपदव्यापी स्वरूप देने के लिए तैयारियां तेज करने की सलाह देते हुए मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक की, इसमें विभागवार जिम्मेदारियां तय करने के साथ कार्यक्रमों के प्रभावी और व्यापक आयोजन की कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रशासन का प्रयास है कि महीनेभर चलने वाला ‘सेवा संकल्प अभियान’ केवल आयोजनों की श्रृंखला न बनकर जनसेवा, सामाजिक सहभागिता और विकसित भारत के संकल्प को प्रदेश के गांव-गांव और शहर-शहर तक पहुंचाने का माध्यम बने।
मुख्य विकास अधिकारी श्री रामेश्वर सुधाकर सब्बनवाड ने आयोजित होने वाली प्रतिदिन के कार्यक्रमों को व्यापकता प्रदान करने के लिए व्यापक प्रचार प्रसार पर भी जोर दिया।
इस अवसर पर बीडीओ बबीना श्री आयुष सैनी, आईएएस, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व श्रीमती पल्लवी मिश्रा, अपर नगर आयुक्त राहुल कुमार यादव, डीडीओ राजेश कुमार, डीआईओएस श्रीमती रती वर्मा, बीएसए जितेन्द्र कुमार गौड़, डीएसटीओ डॉ0 अर्चना सिंह, डीएसओ, सुश्री सौम्या अग्रवाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।